आलू के कोफ्ते रेसिपी (Aloo Ke Kofte Recipe): आलू एक ऐसी सब्जी है जिसके बिना खाना अधूरा रहता है. हमारे खाने की ज्यादातर सब्जियां बिना आलू के अधूरी सी लगती हैं. आलू से बनने वाले फूड आइटम्स की बेहद लंबी फेहरिस्त है. आज हम आपको आलू की एक खास फूड डिश आलू के कोफ्ते (Aloo Ke Kofte) बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं. लौकी के कोफ्ते का स्वाद तो हम सभी ने लिया है, लेकिन आलू के कोफ्ते आपके लंच या डिनर का स्वाद कई गुना तक बढ़ा देंगे. मसालेदार आलू के कोफ्ते बनाकर आप अपने रूटीन के खाने से कुछ हटकर स्वाद भी पा सकेंगे.
आलू के कोफ्ते बनाने के लिए सामग्री
कोफ्ते के लिए
उबले आलू – 6
अरारोट – 4 टेबलस्पून
काजू – 10
हरा धनिया कटा – 1 टेबलस्पून
तेल
नमक
ग्रेवी के लिए
टमाटर – 4
प्याज – 4
क्रीम – 1/2 कप
हरी मिर्च कटी – 2
धनिया पाउडर – 1 टी स्पून
लाल मिर्च पाउडर – 1/4 टी स्पून
जीरा – 1/2 टी स्पून
गरम मसाला – 1/4 टी स्पून
हल्दी पाउडर – 1/4 टी स्पून
हरा धनिया कटा – 1 टेबलस्पून
अदरक – 1 इंच टुकड़ा
हींग – 1 चुटकी
तेल – 3 टेबलस्पून
नमक – स्वादानुसार
आलू के कोफ्ते बनाने की विधि
आलू के कोफ्ते बनाने के लिए सबसे पहले उबले आलू को लें और उनका छिलका उतार लें. इसके बाद सभी को कद्दूकस कर लें. इन्हें एक बर्तन में डालकर उसमें अरारोट, कटा हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालकर सभी को अच्छी तरह से मिक्स कर आटे की तरह गूंद लें. अब एक कड़ाही लें और उसमें तेल डालकर मीडियम आंच पर गर्म करें. इस दौरान आलू का मिश्रण लेकर उसके बीच में काजू के 3-4 टुकड़े रख लें और आलू के मसाले को गोल कर लें. ऐसे ही सारे मिश्रण के गोले तैयार कर लें.
इसे भी पढ़ें: डिनर का स्वाद बढ़ा देगा शाही मशरूम, ये है सिंपल रेसिपी
जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें आलू के तैयार गोले डालें और उन्हें 1 से 2 मिनट तक तलें. इस दौरान आंच को तेल कर दें. जब गोले सुनहरे हो जाएं तो उन्हें एक प्लेट में निकाल लें. इसी तरह सभी गोले फ्राई कर लें.
अब कोफ्ते के लिए ग्रेवी तैयार करने के लिए सबसे प्याज और टमाटर को लें और उन्हें बारीक काट लें. इसके बाद हरी मिर्च और अदरक के भी बारीक-बारीक टुकड़े कर लें. इसके बाद क्रीम को लें और उसे अच्छी तरह से फैट लें. इसके बाद एक कड़ाही में थोड़ा सा तेल डालकर उसे गर्म करने के लिए रख दें. जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें जीरा डालकर तड़का लगाएं. फिर कटी हुई प्याज को तेल में डालकर उसे सुनहरा लाल होने तक भून लें.
इसके बाद इसमें कटे हुए टमाटर, अदरक, हरी मिर्च डालकर भूनें. 5 मिनट तक भूनने के बाद इसमें धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और एक चुटकी हींग डाल दें. इस पूरे मिश्रण को कुछ देर और भून लें फिर गैस बंद कर दें और मसाले को ठंडा होने दें. जब यह मसाला ठंडा हो जाए तो मिक्सर की मदद से इसे ग्राइंड कर लें. अब एक बार फिर कड़ाही को गैस पर रखकर थोड़ा तेल डाल दें और उसमें ग्राइंड किया हुआ मसाला डाल दें. इसके बाद कड़ाही में क्रीम डाल दें और इसे तब तक भूने जब तक ग्रेवी तेल न छोड़ने लगे.
इसे भी पढ़ें: मीठा खाने का मन है तो ट्राई करें गुजरात की ‘स्पेशल स्वीट डिश मोहन थाल’
अब कड़ाही में 2 कप पानी डालें और स्वादानुसार नमक डालकर उबाल आने तक पकाएं. जब ग्रेवी में उबाल आ जाए तो उसमें फ्राई किए हुए कोफ्ते डाल दें. इसे लगभग 2 मिनट तक पकाएं. इसके बाद गैस बंद कर दें. इस तरह आपके स्वादिष्ट आलू के कोफ्ते बनकर तैयार हो चुके हैं. इसे सर्व करने से पहले हरा धनिया पत्ती से गार्निश करें. इसे आप लंच या डिनर में किसी भी वक्त खा सकते हैं. इसे गर्मागर्म पराठे या रोटी के साथ परोसें.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Food, Food Recipe, Lifestyle