Appe Pan Recipes Other Than Appe : अगर आपके किचन में अप्पे पैन रखा है और आप इसका इस्तेमाल सिर्फ रवा अप्पे बनाने के लिए करती हैं, तो जरा रुकिए. आपका यही छोटा सा पैन कई दूसरी मजेदार डिशेज बनाने के भी काम आ सकता है. सेलिब्रिटी शेफ पंकज भदौरिया ने अप्पे मेकर के ऐसे ही 5 क्रिएटिव इस्तेमाल बताए हैं, जिन्हें देखकर शायद आप भी इसे रोजाना इस्तेमाल करने लगेंगी.

अप्पे पैन की सबसे खास बात यह है कि इसमें छोटी-छोटी गोल शेप वाली डिशेज आसानी से बन जाती हैं. साथ ही कई रेसिपीज में बहुत ज्यादा तेल की जरूरत भी नहीं पड़ती. यही वजह है कि इससे स्नैक्स और दूसरी डिशेज बनाना काफी आसान हो जाता है.

रवा अप्पे तो इसमें आसानी से बनते ही हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इसी पैन में लिट्टी-चोखा, बिना फ्राई किए दही भल्ले, चौको लावा केक और पिज्जा कप भी बनाए जा सकते हैं? अगर नहीं, तो पंकज भदौरिया के बताए ये आइडियाज आपके काफी काम आ सकते हैं. आइए जानते हैं अप्पे पैन से क्या-क्या बनाया जा सकता है.

अप्‍पे पैन में बनाएं ये रेसिपीज –

1. अप्पे पैन में बनाएं रवा अप्पे
अप्पे पैन का सबसे आसान और पॉपुलर इस्तेमाल है रवा अप्पे बनाना. इसके लिए रवा में दही और पानी मिलाकर बैटर तैयार करें. इसमें बारीक कटा प्याज, गाजर, टमाटर, हरा धनिया, करी पत्ता और हरी मिर्च डालें. स्वाद के लिए नमक मिलाएं. बैटर को कुछ देर रखने के बाद इसमें थोड़ा Eno Fruit Salt डालें. अब अप्पे पैन के सांचों में थोड़ा तेल लगाकर बैटर डालें और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं. इसे नारियल की चटनी या अपनी पसंद की चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं.

2. अप्पे पैन में बनाएं लिट्टी-चोखा
लिट्टी पसंद है तो अप्पे पैन आपके काम आ सकता है. आटे की छोटी लोई लेकर उसमें सत्तू की फिलिंग भरें. फिलिंग के लिए सत्तू में कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन मिलाएं. अब भरी हुई लिट्टी को अप्पे पैन के सांचों में रखकर धीमी आंच पर पकाएं. इसे आलू के चोखे, चटनी और थोड़ा घी के साथ सर्व करें. इस तरह घर पर लिट्टी बनाने का एक आसान तरीका मिल जाता है.

पंकज भदौरिया के बताए ये आइडियाज आपके काफी काम आ सकते हैं. आइए जानते हैं अप्पे पैन से क्या-क्या बनाया जा सकता है.

3. बिना फ्राई किए दही भल्ले
दही भल्ले खाने के लिए हमेशा डीप फ्राई करने की जरूरत नहीं है. उड़द दाल का तैयार पेस्ट लेकर उसे अप्पे पैन में डालें. हल्के तेल की मदद से इन्हें पकाया जा सकता है. तैयार भल्लों को मीठी दही, हरी चटनी, मीठी चटनी, अनार के दानों और चाट मसाले के साथ सर्व करें. इससे स्वाद भी अच्छा आएगा और ज्यादा तेल में तलने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.

4. चोको लावा केक भी होगा तैयार
मीठा खाने का मन हो तो अप्पे पैन में छोटे चोको लावा केक भी ट्राई कर सकते हैं. इसके लिए मैदा, कोको पाउडर, दही, तेल, पिसी चीनी और बेकिंग पाउडर से बैटर तैयार करें. इसमें वनीला एसेंस मिलाएं. अब पैन में थोड़ा बैटर डालकर बीच में चॉकलेट का टुकड़ा रखें और ऊपर से फिर बैटर डाल दें. इसे ढककर धीमी आंच पर पकाएं. तैयार होने के बाद ऊपर से चॉकलेट सॉस डालकर सर्व कर सकते हैं.

5. बनाएं छोटे-छोटे पिज्जा कप
बच्चों के लिए अप्पे पैन में पिज्जा कप भी बनाए जा सकते हैं. इसके लिए मैदा, दही और बेकिंग पाउडर से सॉफ्ट बैटर तैयार करें. इसमें पिज्जा सॉस, मोजरेला चीज, कटी हुई सब्जियां और ऑलिव्स डालें. अब मिश्रण को अप्पे पैन के सांचों में डालकर धीमी आंच पर पकाएं. कुछ ही देर में छोटे और मजेदार पिज्जा कप तैयार हो जाएंगे. ये बच्चों के स्नैक टाइम या छोटी पार्टी के लिए भी अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं.

तो अगली बार अप्पे पैन निकालें तो सिर्फ अप्पे बनाने तक खुद को सीमित न रखें. थोड़ी क्रिएटिविटी के साथ इसी पैन में कई तरह के स्नैक्स और डेजर्ट तैयार किए जा सकते हैं.



Source link

Write A Comment