उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बसपा पर पूछे गए सवाल से बचते नजर आए और भाजपा को उन्होंने एक बड़ी पार्टी बताया। इसके साथ ही उन्होंने सपा पर तंज कसा और पी डी ए के बारे में बड़ा कटाक्ष करते हुए कहा कि जिसकी दुकान का माल खराब हो जाता है वह अपनी दुकान का नाम बदल देता है। सपा के बाद बृजेश पाठक ने कांग्रेस के जनाधार पर कहा कि ये लोग कितना भी गठबंधन कर लें कोई फर्क नहीं पड़ेगा। 2017 के बाद से इन्होंने बहुत बार गठबंधन किए, लेकिन फायदा क्या हुआ। आज भारतीय जनता पार्टी जन जन की पार्टी बन चुकी है।
देखें वीडियो
सपा पर पाठक ने बोला जुबानी हमला
बृजेश पाठक ने कहा, भारतीय जनता पार्टी 2027 में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। 2017 से लेकर अब तक भाजपा ने प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर कानून व्यवस्था तक आमूल चूल परिवर्तन किया है। इसके विपरीत जब-जब सपा प्रदेश की सत्ता में रही है तब तब वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया और अराजकता रही है। प्रदेश में बिजली का बुरा हाल था, एक हफ्ते दिन में बिजली आती थी एक हफ्ते रात में बिजली आती थी।
सीएम योगी के लिए क्या कहा पाठक ने
तीसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री का चेहरा योगी जी के होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सब मीडिया की मनगढ़ंत कहानी है। जब भी कुछ तय होगा हम आप लोगों को बताएंगे। इमरान मसूद के बयान पर उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी सबका साथ सबका विकास और जन-जन को जोड़कर चलती है। हम कभी भी धर्म और जाति के आधार पर जोड़-तोड़ की राजनीति नहीं किया करते हैं।
समाजवादी पार्टी हमेशा जाति धर्म के आधार पर वोट मांगती है, मैं कहता हूं कि डेवलपमेंट के आधार पर समाजवादी पार्टी वोट मांग कर दिखाए, समाजवादी पार्टी की सरकार प्रदेश में चार बार बनी है, तो वो डेवलपमेंट के नाम पर वोट क्यों नहीं मांगती, बार-बार कभी इंडी के नाम पर तो कभी पी डी ए के नाम पर वोट क्यों मांगती हैं। पीएम मोदी देश के सर्वमान्य नेता हैं और यूपी में भाजपा की ही सरकार बनेगी।
(वरुण शर्मा की रिपोर्ट)