ICC वूमेन्स चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। ICC ने पहली बार आयोजित होने वाली वूमेन्स चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की मेजबानी भारत को सौंप दी है। इसके साथ ही टूर्नामेंट की तारीखों और वेन्यू का ऐलान भी कर दिया गया है। 6 टीमों वाला यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट अगले साल 14 से 28 फरवरी तक भारत में खेला जाएगा। ICC के अनुसार, टूर्नामेंट के सभी मुकाबले मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) और वडोदरा के वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे। इस टूर्नामेंट में भारत समेत दुनिया की 6 दिग्गज टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी।
पहले श्रीलंका में होना था आयोजन
ICC वूमेन्स चैंपियंस ट्रॉफी 2027 का आयोजन पहले श्रीलंका में होना था, लेकिन ICC की वार्षिक बैठक में तय सुधारों को लागू करने की प्रक्रिया जारी रहने के कारण टूर्नामेंट को भारत स्थानांतरित कर दिया गया। नए मेजबान के चयन के लिए ICC ने बांग्लादेश, भारत और साउथ अफ्रीका के नामों पर विचार किया। इसके बाद भारत को मेजबानी के लिए चुना गया और 1 सितंबर को ICC बोर्ड ने इस फैसले को मंजूरी दे दी।
ICC चेयरमैन जय शाह ने इसे महिला क्रिकेट के लिए एक रोमांचक नए दौर की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट से दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमें एक बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा करेंगी और अन्य टीमों को भी रैंकिंग में ऊपर आने के लिए नई प्रेरणा मिलेगी। जय शाह ने कहा कि ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 महिला क्रिकेट के लिए एक रोमांचक नए अध्याय की शुरुआत है। टूर्नामेंट के पहले संस्करण के तौर पर यह दुनिया की बेहतरीन टीमों को एक जबरदस्त और हाई लेवल मुकाबले के लिए एक साथ लाएगा। साथ ही, यह टीमों को रैंकिंग में ऊपर चढ़ने और वैश्विक मंच पर जगह बनाने के लिए और ज्यादा प्रेरित करेगा।
ये टीमें करेंगी शिरकत
इस टूर्नामेंट में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और श्रीलंका हिस्सा लेंगे। सभी मुकाबले T20I प्रारूप में खेले जाएंगे। 6 टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे से भिड़ेंगी, जिसके बाद शीर्ष दो टीमें 28 फरवरी को होने वाले फाइनल में जगह बनाएंगी। भारत महिला ODI वर्ल्ड कप चैंपियन है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में इंग्लैंड में खेले गए महिला T20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। ऐसे में पहली वूमेन्स चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़ें:
अभिषेक शर्मा पर मंडराया खतरा, साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज ने दे दी चुनौती
दलीप ट्रॉफी की दोनों फाइनलिस्ट के नाम तय, ईशान किशन और तिलक वर्मा में होगी खिताबी भिड़ंत