भारत और अफगानिस्तान के बीच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार को पहला टी20 मैच खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर अफगानिस्तान को पहले बल्लेबाजी के लिए कहा। मैच शुरू होने से ठीक पहले जब दोनों टीमें मैदान पर इकट्ठा हुईं, उस वक्त एक अनोखा नजारा देखने को मिला। भारत के राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से पहले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ बजाया गया। इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब भारतीय मैच में राष्ट्रगान से पहले ‘वंदे मातरम’ बजा हो। इस वजह से मैच थोड़ी देरी से शुरू हुआ और पहली गेंद तय समय से 4 मिनट बाद फेंकी गई।
राष्ट्रगान से पहले क्यों बजा वंदे मातरम
मैच में राष्ट्रगान से पहले ‘वंदे मातरम’ का गायन नए नियमों (प्रोटोकॉल) की वजह से हुआ है। दरअसल, साल 2026 के संसद के मानसून सत्र में ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम’ पारित किया गया। इस नए कानून के तहत ‘वंदे मातरम’ का अपमान करना या इसे जानबूझकर गाने से रोकना कानूनी रूप से अपराध माना जाएगा। इसे अब राष्ट्रगान के बराबर सम्मान दिया गया है।
गृह मंत्रालय के नए दिशानिर्देशों के तहत जब भी राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान एक साथ प्रस्तुत किए जाएंगे, तो पहले ‘वंदे मातरम्’ और उसके बाद ‘जन गण मन’ गाया जाएगा। इससे पहले 2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी यह व्यवस्था लागू की गई थी। बता दें कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित ‘वंदे मातरम्’ पहली बार 7 नवंबर 1875 को प्रकाशित हुआ था, जिसके नवंबर 2025 में 150 वर्ष पूरे हुए।
वैसे तो 24 जनवरी 1950 को संविधान सभा ने इसे भारत के राष्ट्रगीत का दर्जा दिया था, लेकिन इसके अपमान को लेकर पहले कोई सख्त कानून नहीं था। नए नियमों के अनुसार, अब राष्ट्रगीत बजने के दौरान सभी को सावधान की मुद्रा में खड़ा होना होगा। इसके अलावा, अब वंदे मातरम के पहले दो अंतरे के बजाय पूरे 6 अंतरे गाए जाएंगे, जिसे पूरा होने में लगभग 3 मिनट 10 सेकंड का समय लगेगा।
वैभव सूर्यवंशी को नहीं मिला मौका
भारत बनाम अफगानिस्तान मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 8 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए और भारत के सामने जीत के लिए 157 रन का टारगेट रखा। इस मैच में टीम इंडिया ने प्लेइंग XI में वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं दिया। उनकी जगह ओपनर के तौर पर संजू सैमसन को शामिल किया गया है। उनके अलावा वॉशिंगटन सुंदर को भी खेलने का मौका नहीं मिला।
यह भी पढ़ें
रहमानुल्लाह गुरबाज ने रोहित शर्मा को छोड़ा पीछे, पहले टी20 में बुमराह ने नहीं खोलने दिया खाता