Sony ने जापान में अपना नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन Sony Xperia 1 VIII लॉन्च कर दिया है, जो Xperia 1 सीरीज का लेटेस्ट मॉडल है. यह फोन फिलहाल प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध है और इसे चार कलर ऑप्शन- गार्नेट रेड, ग्रेफाइट ब्लैक, लोलाइट सिल्वर और नेटिव गोल्ड में पेश किया गया है. इसकी शुरुआती कीमत JPY 2,35,400 (करीब ₹1,43,000) रखी गई है, जबकि टॉप वेरिएंट 16GB RAM और 1TB स्टोरेज के साथ लगभग ₹1,81,000 तक जाता है.
ये स्मार्टफोन 6.5-इंच के फुल-HD+ OLED डिस्प्ले के साथ आता है, जिसमें 120Hz रिफ्रेश रेट और HDR सपोर्ट मिलता है. फोन का डिजाइन भी पहले से बदला गया है और इसमें स्क्वायर शेप का कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जो इसे प्रीमियम लुक देता है.
मिलती है बड़ी स्टोरेज
परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट दिया गया है, जो 3nm प्रोसेस पर बना है और इसे 16GB तक RAM और 1TB तक स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है. खास बात यह है कि यूजर्स माइक्रोSD कार्ड के जरिए स्टोरेज को 2TB तक बढ़ा सकते हैं.
कैमरा सेक्शन में भी कंपनी ने बड़ा अपग्रेड दिया है. Sony Xperia 1 VIII में 48MP का ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलता है, जिसमें प्राइमरी, अल्ट्रा-वाइड और टेलीफोटो लेंस शामिल हैं. टेलीफोटो कैमरा 140mm तक फोकल लेंथ सपोर्ट करता है, जिससे दूर की फोटो भी साफ कैप्चर की जा सकती हैं. वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए इसमें 12MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है.
बैटरी की बात करें तो इसमें 5,000mAh की बैटरी दी गई है, जो वायर्ड और वायरलेस चार्जिंग दोनों को सपोर्ट करती है. कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, 4G LTE, Wi-Fi, Bluetooth 6, NFC और USB Type-C पोर्ट मिलता है, साथ ही 3.5mm ऑडियो जैक भी दिया गया है, जो आजकल कम ही देखने को मिलता है. सुरक्षा के लिए इसमें फिंगरप्रिंट स्कैनर और IP65+IP68 रेटिंग दी गई है, जिससे यह पानी और धूल से सुरक्षित रहता है.
ये स्मार्टफोन एंड्रॉयड 16 पर चलता है और कंपनी इसमें 4 साल तक OS अपडेट और 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है. Sony Xperia 1 VIII एक प्रीमियम फ्लैगशिप डिवाइस है, जो दमदार परफॉर्मेंस, एडवांस कैमरा और शानदार डिजाइन के साथ आता है, हालांकि इसकी कीमत इसे एक खास कैटेगरी के यूजर्स तक सीमित कर सकती है.