How to make perfect Onion Paratha At Home : नाश्ते, लंच या डिनर में अगर कुछ स्वादिष्ट और झटपट बनाना हो, तो प्याज का पराठा एक बेहतरीन विकल्प है. गर्मागर्म मक्खन, दही, अचार या चाय के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. हालांकि, कई लोगों की शिकायत होती है कि घर पर बनाया गया प्याज का पराठा फट जाता है या मुरथल के ढाबों जैसा नरम और परतदार नहीं बनता. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप भी बिल्कुल स्वादिष्ट प्याज का पराठा बना सकते हैं.
प्याज का पराठा दही, सफेद मक्खन, अचार, हरी चटनी या मसाला चाय के साथ सबसे ज्यादा स्वादिष्ट लगता है. (Canva)
प्याज का पराठा बनाने के लिए सामग्री-
2 कप गेहूं का आटा
2 बड़े प्याज (बारीक कटे हुए)
2-3 हरी मिर्च (बारीक कटी)
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच अजवाइन
आधा छोटा चम्मच जीरा
स्वादानुसार नमक
घी या तेल
ऐसे तैयार करें स्टफिंग-
सबसे पहले प्याज को बारीक काट लें. अब इसमें हरी मिर्च, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अजवाइन, जीरा और नमक मिलाएं. ध्यान रखें कि नमक आखिरी समय पर ही डालें, क्योंकि नमक डालते ही प्याज पानी छोड़ने लगता है. अगर स्टफिंग में ज्यादा पानी आ जाए, तो थोड़ा सा भुना बेसन या सूखा आटा मिला सकते हैं.
पराठा बनाने का तरीका-
सबसे पहले आटे को नरम गूंथकर 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें. अब आटे की लोई बनाएं और उसे थोड़ा बेल लें. बीच में प्याज की स्टफिंग भरें और किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें. हल्के हाथ से पराठे को बेलें ताकि स्टफिंग बाहर न निकले.
अब तवा गर्म करें और पराठे को दोनों तरफ से हल्का सेक लें. इसके बाद घी या तेल लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें. जब पराठा दोनों तरफ से अच्छी तरह पक जाए, तो उसे गर्मागर्म प्लेट में निकाल लें.
परफेक्ट प्याज का पराठा बनाने के टिप्स-
अगर आप चाहते हैं कि पराठा बिल्कुल ढाबे जैसा बने, तो कुछ बातों का ध्यान रखें. हमेशा ताजा और बारीक कटा प्याज इस्तेमाल करें. स्टफिंग तैयार करने के तुरंत बाद ही पराठा बेलें. आटा ज्यादा सख्त न गूंथें और पराठे को तेज आंच पर नहीं, बल्कि मध्यम आंच पर सेंकें. इससे पराठा अंदर तक अच्छी तरह पकता है और बाहर से भी कुरकुरा बनता है.
किसके साथ खाएं?
प्याज का पराठा दही, सफेद मक्खन, अचार, हरी चटनी या मसाला चाय के साथ सबसे ज्यादा स्वादिष्ट लगता है. अगर वीकेंड पर परिवार के लिए कुछ स्पेशल बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें. सही तरीका अपनाने पर आपका घर का बना प्याज का पराठा स्वाद में किसी मशहूर ढाबे से कम नहीं लगेगा और हर कोई इसकी तारीफ करेगा.