रवा केसरी रेसिपी (Rava Kesari Recipe): रवा केसरी (Rava Kesari) एक साउथ इंडियन स्वीट डिश (South Indian Sweet Dish) है. जिस तरह उत्तर भारत में सूजी का हलवा बनाया जाता है, दक्षिण का रवा केसरी भी लगभग वैसा ही स्वाद देता है. हमारे यहां वसंत पंचमी (Vasant Panchmi) के अवसर पर पीली वस्तु खाने की परंपरा रहती है, यही वजह है कि इस दिन घरों में पीली मिठाइयां बनायी जाती है. वसंत पंचमी पर अगर आप इस बार पारंपरिक मिठाइयों से हटकर कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो रवा केसरी आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
रवा केसरी (Rava Kesari) की रेसिपी जितनी आसान है इसका टेस्ट भी उतना ही लाजवाब है. इसे बनाने के लिए मुख्य तौर पर सूजी, घी और केसर और चीनी का इस्तेमाल किया जाता है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका…
रवा केसरी बनाने के लिए सामग्री
सूजी (रवा) – 1 कप
चीनी – 1 कप
देसी घी – 5 टेबल स्पून
केसर – 1 चुटकी
काजू – 10
बादाम – 10
पिस्ता – 10
इलायची पाउडर – 1 टी स्पून
रवा केसरी बनाने की विधि
रवा केसरी बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही लें और उसमें घी डालकर गैस पर गर्म करें. जब घी गरम होकर पूरी तरह से पिघल जाए तो उसमें सूजी (रवा) डाल दें और मीडियम आंच पर इसे भूनें. इसी बीच एक दूसरे बर्तन में पानी और 1 कप चीनी डालकर मीडियम आंच पर रख दें. अब केसर को हल्का सा कूट लें और उसे चाशनी में डालकर अच्छी तरह से घोल दें. वहीं, सूजी को करछी की मदद से सेंकने के दौरान बीच-बीच में चलाते रहें.
इसे भी पढ़ें: Halwa Varieties: स्वाद से भरपूर हलवे की इन 6 वैराइटीज़ का लें मज़ा, नहीं भूल पाएंगे ज़ायका
जब तक सूजी सिक रही है उसी दौरान काजू, बादाम और पिस्ता को एक बाउल में लेकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद इन सभी को सूजी में डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दें. बीच-बीच में चाशनी के बर्तन की ओर भी ध्यान देते रहें. जब चाशनी में उबाल आ जाए तो गैस को बंद कर दें. बता दें कि सूजी को अच्छी तरह से सिकने के लिए लगभग 10 मिनट का वक्त लगेगा. जब सूजी का रंग हल्का सुनहरा हो जाए तो उसमें तैयार की गई चाशनी को डाल दें.
इसे भी पढ़ें: स्वाद से भरपूर गुड़ की खीर का लें मज़ा, सेहत को भी मिलेगा फायदा
अब तेजी से सूजी और चाशनी के मिश्रण को करछी की मदद से चलाएं. ऐसा तब तक करना है जब तक कि ये मिश्रण गाढ़ा न हो जाए और कड़ाही के किनारों को छोड़ने ना लगे. अब कड़ाही को अच्छी तरह से ढंक दें और गैस को बंद कर दें. रवा केसरी को कुछ देर तक भाप में भी पकने दें. इस तरह वसंत पंचमी पर मुंह मीठा करने के लिए आपका स्वादिष्ट रवा केसरी तैयार हो गया है. इसे सर्व करने से पहले टूटी-फ्रूटी और काजू से भी सजाया जा सकता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Food, Food Recipe, Lifestyle