होमफोटोलाइफ़फूड

घर पर ऐसे तैयार करें टेस्टी मूंग दाल का मगौड़ा, खाते ही दिल हो जाएगा बाग-बाग

Last Updated:

Moong Dal Pakora Recipe: बरसात के मौसम में गरमा-गरम मूंग दाल के मगौड़े बनाने की सोच रहे है तो आप हमारे द्वारा बताई गई यह आसान रेसिपी से घर पर ही स्वादिष्ट और कुरकुरे मगौड़े बना सकते है.इसको बनाने के लिए आप को ज्यादा पैसे भी खर्च नहीं करने पडेगे.

अगर आप भी बरसात के मौसम में घर पर कुछ चटपटा और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो मूंग दाल के मगौड़े आप घर में बना सकते है. बाहर बारिश हो और हाथ में गरमा-गरम मगौड़े के साथ चाय की प्याली हो, तो मौसम का मजा दोगुना हो जाता है. इसे बनाना भी बेहद आसान है और इसके लिए आपको बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद कुछ सामान्य मसालों से ही स्वादिष्ट मगौड़े तैयार किए जा सकते हैं.

मगौड़े बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी धुली या छिलके वाली मूंग दाल लें. दाल को साफ करके अच्छी तरह धो लें और रातभर या कम से कम 5-6 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें. दाल अच्छी तरह फूल जाए तो इसका अतिरिक्त पानी निकाल दें. अगर आपके पास समय कम है तो दाल को करीब 3-4 घंटे भी भिगोया जा सकता है.

भीगी हुई दाल को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि दाल को बहुत ज्यादा बारीक न पीसें, क्योंकि दरदरी दाल से बने मगौड़े ज्यादा कुरकुरे और स्वादिष्ट लगते हैं. पीसते समय जरूरत के अनुसार बहुत थोड़ा पानी डालें, तैयार दाल के पेस्ट को एक बड़े बर्तन में निकाल लें और हाथ या चम्मच की मदद से अच्छी तरह फेंट लें, ताकि मिश्रण थोड़ा हल्का और फूला हुआ हो जाए.

Add News18 as
Preferred Source on Google

दाल में बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और बारीक कटा हुआ प्याज डालें. इसके साथ स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, थोड़ा सा जीरा और एक चुटकी हींग डाल सकते हैं. अगर आपको चटपटा स्वाद पसंद है तो इसमें थोड़ी सी अजवाइन या चाट मसाला भी मिलाया जा सकता है. सभी सामग्री को दाल के मिश्रण में अच्छी तरह मिला लें, ताकि हर मगौड़े में मसालों का स्वाद बराबर आए.

मगौड़े स्वादिष्ट और अंदर से नरम बनाने के लिए दाल के मिश्रण को अच्छी तरह फेंट लें. हाथ से करीब 4-5 मिनट तक मिश्रण को फेंटें. इससे बैटर में हवा भर जाएगी और तलने के बाद मगौड़े अंदर से नरम बनेंगे. मिश्रण तैयार होने के बाद इसे कुछ मिनट के लिए ढककर रख दें. इस दौरान आप मगौड़ों के साथ परोसने के लिए हरी धनिया-पुदीना की चटनी या मीठी इमली की चटनी तैयार कर सकते हैं.

रेसिपी एक्सपर्ट समीक्षा केसरवानी ने बताया कि कड़ाही में मगौड़े तलने के लिए पर्याप्त तेल डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. तेल बहुत ज्यादा तेज गर्म नहीं होना चाहिए, वरना मगौड़े ऊपर से जल्दी लाल हो जाएंगे और अंदर से कच्चे रह सकते हैं. तेल का तापमान जांचने के लिए दाल के मिश्रण की एक छोटी बूंद तेल में डालें. अगर वह धीरे-धीरे ऊपर आकर सिकने लगे तो तेल मगौड़े तलने के लिए तैयार है.

अब हाथ की मदद से दाल के मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से लेकर गर्म तेल में डालें. कड़ाही में एक साथ बहुत ज्यादा मगौड़े न डालें, वरना तेल का तापमान कम हो सकता है और मगौड़े ठीक से कुरकुरे नहीं बनेंगे. इन्हें मध्यम आंच पर धीरे-धीरे पलटते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. जब मगौड़ों का रंग हल्का सुनहरा हो जाए तो इन्हें कड़ाही से निकाल लें.

तले हुए मगौड़ों को एक प्लेट में निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. अब इन्हें गरमा-गरम हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोस सकते हैं. अगर चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर इसका स्वाद और बढ़ाया जा सकता है. बरसात के मौसम में गर्म चाय के साथ मूंग दाल के मगौड़ों का स्वाद बेहद शानदार लगता है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment