Last Updated:

Raw Mango Chutney Recipe: गर्मियों के इस मौसम में जहां एक तरफ पके आम बाजारों में दस्तक दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कच्चे आम का जायका हर घर की पहली पसंद बना हुआ है. इस सीजन में अगर आपने अभी तक कच्चे आम की चटनी का स्वाद नहीं चखा, तो आपका समर सीजन अधूरा है. भोजन का स्वाद बढ़ाने वाली इस पारंपरिक चटनी की रेसिपी बहुत ही आसान है, जिसे गांव की महिलाएं आज भी सिलबट्टे पर पीसकर तैयार करती हैं. आइए जानते हैं कैसे आप भी घर पर यह खट्टी-तीखी और चटपटी चटनी बेहद आसानी से बना सकते हैं.

Raw Mango Chutney Recipe: गर्मी का मौसम अपने साथ आम का खास सीजन लेकर आता है. इन दिनों बाजारों में धीरे-धीरे पके हुए आम तो आने ही लगे हैं, लेकिन कच्चे आम का क्रेज भी कम नहीं हुआ है. अगर आप भी इस गर्मी में अपने रोज के खाने का स्वाद थोड़ा बदलना चाहते हैं, तो कच्चे आम की चटनी एक बेहतरीन विकल्प है. यह चटनी खाने में जितनी स्वादिष्ट होती है, सेहत के लिए भी उतनी ही अच्छी मानी जाती है. गांव में लोग आज भी इस चटनी को सीधे सादी रोटी के साथ चाव से खाते हैं, या फिर दोपहर के खाने के साथ इसका आनंद लेते हैं. गांवों की महिलाएं आज भी इसे पारंपरिक तरीके से सिलबट्टे पर ही पीसती हैं. आइए जानते हैं इस टेस्टी चटनी को बनाने की आसान रेसिपी.

चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
कच्चे आम की चटनी बनाने के लिए कुछ जरूरी चीजों की आवश्यकता होती हैं, जो हर रसोई में आसानी से मिल जाती हैं. आइए जानते हैं.

• कच्चे आम (कटी हुई अमिया)
• 8-10 हरी मिर्च, हरा धनिया
• 5-6 लहसुन की कलियां
• आधा चम्मच भुना हुआ जीरा
• सादा नमक और थोड़ा सा काला नमक
• थोड़ा सा सरसों का तेल
अगर आप चाहें तो इसमें पुदीने की कुछ पत्तियां भी मिला सकते हैं, जिससे चटनी का स्वाद और उसकी खुशबू दोनों काफी बढ़ जाती है.

चटनी बनाने की सरल विधि
सविता श्रीवास्तव के अनुसार, इस चटनी को बनाने का तरीका बेहद आसान है.

  1. सबसे पहले कच्चे आम को साफ पानी से अच्छे से धो लें, फिर उसे छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
  2. अब सिलबट्टे पर या इमामदस्ते में आम के टुकड़े, हरी मिर्च, हरा धनिया, लहसुन की कलियां, भुना जीरा और दोनों तरह के नमक एक साथ रख लें.
  3. इसमें बिल्कुल थोड़ा सा पानी मिलाएं ताकि मसालों को पीसने में आसानी हो और फिर इसे बारीक पीस लें. पीसने के बाद इस तैयार चटनी को एक साफ कटोरी में निकाल लें. आपकी चटपटी चटनी तैयार है.

परोसने का तरीका और इसकी खासियत
इस कच्चे आम की चटनी को हमेशा ताजा-ताजा परोसना ही सबसे अच्छा माना जाता है. इसका खट्टा, तीखा और हल्का नमकीन स्वाद हर उम्र के लोगों को खूब पसंद आता है. आप इस चटनी का स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा सा सरसों का तेल भी डाल सकते हैं. जो इसका स्वाद एकदम बढ़ा देता है. गांवों में आज भी इसे सिलबट्टे पर ही पीसा जाता है, क्योंकि पत्थरों के बीच पिसने से आम और मसालों का असली स्वाद और सोंधापन बरकरार रहता है. गर्मियों के दिनों में यह चटनी आपके सादे भोजन को भी बेहद मजेदार और ताजा स्वाद दे देती है.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Write A Comment