Last Updated:
Easy Mushroom Recipe: मशरूम की सब्जी तो आपने होटल और रेस्टोरेंट में कई बार खाई होगी, लेकिन क्या कभी आपने इसे गांव के पारंपरिक तरीके से बनाकर चखा है. आजकल शहरों के साथ-साथ गांवों में भी मशरूम को बेहद चाव से खाया जाता है. अगर मशरूम को लोहे की कढ़ाई में और मिट्टी के चूल्हे पर धीमी आंच पर पकाया जाए, तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. इस खबर में जानिए चूल्हे और लोहे की कढ़ाई वाली मशरूम की खास और आसान देसी रेसिपी जो आपके खाने के स्वाद को दोगुना कर देगी.
मशरूम की सब्जी अपने लाजवाब स्वाद और फायदों के लिए हर घर में पसंद की जाती है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे कई अलग-अलग तरीकों से बनाया जा सकता है. कोई इसे मसालेदार सब्जी के रूप में पसंद करता है, तो कोई इसका सूप या स्नैक्स बनाकर खाना पसंद करता है. मशरूम की सब्जी को किसी भी आम कड़ाही और गैस चूल्हे पर बनाया जा सकता है, लेकिन यदि इसे लोहे की कड़ाही में मिट्टी के चूल्हे पर पकाया जाए, तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. आइए जानते हैं कैसे आप इसे घर पर टेस्टी तरीके से तैयार कर सकते हैं.
ऊषा देवी बताती हैं कि इस स्वादिष्ट सब्जी को बनाने के लिए आपको कुछ सामग्रियों की जरूरत होगी. इनमें ताजा बटन मशरूम, हरी मटर, बारीक कटा प्याज, लहसुन, अदरक, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक, शुद्ध सरसों का तेल और ग्रेवी के लिए थोड़ा सा पानी शामिल है. इन सभी चीजों के सही मेल से मशरूम की सब्जी बेहद जायकेदार बनती है.
मशरूम को सीधे कड़ाही में डालने के बजाय, सबसे पहले उसे अच्छे से साफ करके थोड़े से पानी के साथ कुकर में रख लें. कुकर में करीब 1-2 सीटी आने तक या मध्यम आंच पर 8-10 मिनट तक मशरूम को अच्छे से उबाल लें ( मशरूम बहुत मुलायम होता है, इसलिए 6-7 सीटी लगाने से यह ज्यादा गल जाएगा, 1-2 सीटी काफी है). जब मशरूम उबल जाए तो उसे पानी से निकालकर थोड़ी देर ठंडा होने दें. इसके बाद आगे की विधि के अनुसार कड़ाही में मसालों के साथ पकाकर गरमागरम सर्व करें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
वैसे तो मशरूम की सब्जी को किसी भी कड़ाही और गैस चूल्हे पर बनाया जा सकता है, लेकिन यदि हम इसे लोहे की कड़ाही में और मिट्टी के चूल्हे पर बनाते हैं, तो इसका स्वाद लाजवाब हो जाता है. गांवों में आज भी लोग इसी पारंपरिक तरीके को पसंद करते हैं. लोहे की कड़ाही में धीरे-धीरे पकने से सब्जी का रंग और गाढ़ापन बहुत बेहतरीन आता है.
सब्जी की तैयारी शुरू करने से पहले मिट्टी के चूल्हे में सूखी लकड़ियां, उपले और सूखे पत्ते लगाकर एक स्थिर आंच तैयार कर लेनी चाहिए. खाना बनाते समय तेज आग के बजाय आंच को मध्यम रखें, जिससे लोहे की कड़ाही चारों तरफ से बराबर गर्म होती रहे. चूल्हे की यही धीमी लकड़ी वाली आंच सब्जी में हल्का धुएं जैसा देसी और सोंधा स्वाद भरती है.
व्यंजन स्पेशलिस्ट ऊषा देवी ने बताया कि आंच तैयार होने के बाद सबसे पहले लोहे की कड़ाही को चूल्हे पर रखें और उसमें सरसों का तेल डालें. जब सरसों का तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए और उसमें से हल्का धुआं निकलने लगे, तब आंच धीमी करके उसमें जीरा और अजवाइन डालें. इसके तुरंत बाद कटी हुई प्याज और हरी मिर्च डालकर उसे सुनहरा होने तक अच्छे से भून लें.
जब भी आप मसाला तैयार कर रहे हों, तो जल्दबाजी बिल्कुल न करें. सबसे पहले कड़ाही में पिसा हुआ अदरक और लहसुन का पेस्ट डालें और धीमी आंच पर करीब 2-3 मिनट तक भून लें ताकि उनका कच्चापन खत्म हो जाए. अब एक कटोरी में हल्दी, धनिया, और लाल मिर्च पाउडर को थोड़े से पानी में मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट बना लें और इसे कड़ाही में डालें. पानी मिलाकर पेस्ट डालने से मसाले जलते नहीं हैं और धीमी आंच पर 8 से 10 मिनट तक भूनने से वे अपना असली तेल और स्वाद छोड़ते हैं.
मिट्टी के चूल्हे पर बनी इस गाढ़ी और मसालेदार मशरूम-मटर की सब्जी को आप गर्मागर्म बाजरे, ज्वार या गेहूं की ताजी रोटी के साथ परोस सकते हैं. इसके साथ थाली में कटी हुई प्याज, हरी मिर्च, नींबू और घर का जमा हुआ ताजा दही जरूर रखें. यदि आप इस सब्जी को मिट्टी के बर्तनों (कुल्हड़ या मिट्टी की हांडी) में परोसते हैं, तो खाने का देसी अनुभव और भी ज्यादा बढ़ जाता है.
सब्जी बनाते समय हमेशा एकदम ताजा मशरूम और शुद्ध सरसों का तेल ही इस्तेमाल करें. मसालों को कभी भी तेज आंच पर जल्दबाजी में न पकाएं, क्योंकि जितनी धीमी आंच पर मसाले भुनेंगे, सब्जी उतनी ही स्वादिष्ट बनेगी. सब्जी जब पूरी तरह पककर तैयार हो जाए, तो अंत में ऊपर से थोड़ी सी कसूरी मेथी हल्के हाथों से मसलकर डालें. इससे सब्जी की खुशबू और स्वाद दोनों एकदम होटल जैसे हो जाते हैं.