Last Updated:
सुबह या शाम के नाश्ते के लिए सोया चंक्स टिक्का एक बेहतरीन विकल्प है. सोया चंक्स, उबले आलू और सब्जियों को मिलाकर इसका मिश्रण तैयार करें. इसमें बेसन और मसाले मिलाकर टिक्की का आकार दें. कड़ाही में हल्का तेल डालकर दोनों तरफ से सुनहरा सेंक लें. चटनी या चाय के साथ परोसें.
कोडरमा: सुबह या शाम के नाश्ते में अगर कुछ ऐसा खाने का मन हो जो स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी हो तो सोया चंक्स का टिक्का एक अच्छा विकल्प हो सकता है. सोया चंक्स प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है और इसमें सब्जियों व आलू को मिलाकर स्वादिष्ट टिक्की तैयार की जाती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा मेहनत या बहुत अधिक सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती.
इस तरीके से तैयार करें मिश्रण
कोडरमा की गृहणी राधिका प्रजापति ने बताया कि सोया चंक्स को सबसे पहले गर्म पानी में डालकर कुछ देर फूलने के लिए छोड़ दें. जब सोया चंक्स अच्छी तरह फूल जाएं तो उनका अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निचोड़ लें. इसके बाद इन्हें मिक्सर ग्राइंडर में डालकर हल्का दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि सोया चंक्स में पानी ज्यादा न रहे. वरना मिश्रण काफी ढीला हो सकता है. अब दो प्याज, एक चुकंदर, आधी शिमला मिर्च, तीन हरी मिर्च और थोड़ा सा अदरक बारीक काटकर तैयार कर लें. इसके बाद दो से तीन उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश करें. एक बड़े बर्तन में मैश किए हुए आलू, पिसे हुए सोया चंक्स और सभी कटी हुई सब्जियों को डालें.
गोल या चपटे आकार में टिक्की करें तैयार
उन्होंने बताया कि मिश्रण में एक कटोरी बेसन डालें. इसके बाद स्वादानुसार नमक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर और गरम मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर ऐसा मिश्रण तैयार करें, जिससे आसानी से टिक्की बनाई जा सके. मिश्रण तैयार होने के बाद हाथों से छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल या चपटे आकार की टिक्की बना लें. इन्हें अपनी पसंद के अनुसार छोटा-बड़ा या मनचाहा आकार दिया जा सकता है.
दोनों तरफ हल्का ब्राउन होने तक पकाएं
उन्होंने बताया कि अब नॉन स्टिक कड़ाही को धीमी आंच पर गर्म करें. कड़ाही गर्म होने के बाद इसमें थोड़ा सरसों तेल या रिफाइंड तेल डालकर अच्छी तरह ग्रीस करें. तैयार टिक्कियों को एक-एक करके कड़ाही में रखें और ऊपर से थोड़ा तेल छिड़क दें. टिक्कियों को धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं, ताकि वे बाहर से ही नहीं बल्कि अंदर से भी अच्छी तरह पक जाएं. एक तरफ हल्का ब्राउन होने के बाद इन्हें सावधानी से पलटें और दूसरी तरफ भी अच्छी तरह सेंकें. दोनों तरफ सुनहरा भूरा रंग आने और टिक्की अच्छी तरह पक जाने के बाद इसे कड़ाही से निकाल लें.
चटनी या चाय के साथ करें सर्व
उन्होंने बताया कि तैयार सोया चंक्स टीके को बादाम की चटनी, हरी चटनी या चाय के साथ सुबह या शाम के नाश्ते में परोसा जा सकता है. सोया चंक्स, बेसन और सब्जियों के कारण यह सामान्य नाश्ते की तुलना में प्रोटीन और अन्य पोषक तत्वों का बेहतर विकल्प है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें