Makhana Kheer Recipe : सावन का महीना भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए बेहद खास माना जाता है. इस दौरान भक्त सोमवार का व्रत रखते हैं और भोलेनाथ को सात्विक भोग अर्पित करते हैं. अगर इस सावन सोमवार आप कुछ स्वादिष्ट, पौष्टिक और जल्दी बनने वाला प्रसाद तैयार करना चाहते हैं, तो मखाने की खीर एक बेहतरीन विकल्प है.

मखाना न केवल व्रत में खाया जाता है, बल्कि इसे सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है. दूध, ड्राई फ्रूट्स और मखाने से तैयार यह खीर स्वाद में शानदार होने के साथ-साथ भोग के लिए भी शुभ मानी जाती है.

अगर आप चाहते हैं कि आपकी मखाने की खीर होटल जैसी गाढ़ी और क्रीमी बने, तो एक आसान किचन ट्रिक अपनाएं. इससे खीर का स्वाद कई गुना बढ़ जाएगा और हर कोई इसकी तारीफ करेगा.

क्रीमी टेक्सचर के लिए अपनाएं ये आसान टिप-
मखाने की खीर बनाते समय सबसे पहले मखानों को थोड़ा सा घी डालकर धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक भून लें. इससे उनका स्वाद और खुशबू बढ़ जाती है. इसके बाद आधे मखानों को हल्का दरदरा पीस लें और बाकी आधे साबुत रखें.

जब दूध अच्छी तरह उबल जाए, तब पिसे हुए मखाने पहले डालें. इससे खीर प्राकृतिक रूप से गाढ़ी और क्रीमी हो जाएगी. आखिर में साबुत मखाने डालने से खीर में अच्छा टेक्सचर भी मिलता है.

मखाने की खीर बनाने के लिए सामग्री-
2 कप मखाने
1 लीटर फुल क्रीम दूध
3-4 बड़े चम्मच चीनी या स्वादानुसार
1 बड़ा चम्मच घी
8-10 बादाम (कटे हुए)
8-10 काजू (कटे हुए)
1 बड़ा चम्मच पिस्ता
5-6 किशमिश
4-5 इलायची (पिसी हुई)
कुछ केसर के धागे (वैकल्पिक)

ऐसे बनाएं स्वादिष्ट मखाने की खीर-
सबसे पहले पैन में घी गर्म करें और मखानों को हल्का सुनहरा होने तक भून लें. ठंडा होने पर आधे मखानों को दरदरा पीस लें. अब एक भारी तले के बर्तन में दूध उबालें और उसे 10-15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि वह थोड़ा गाढ़ा हो जाए.

अब सबसे पहले पिसे हुए मखाने डालें और लगातार चलाते रहें. 5 मिनट बाद साबुत मखाने डाल दें. फिर चीनी, इलायची पाउडर और केसर मिलाएं. आखिर में कटे हुए बादाम, काजू, पिस्ता और किशमिश डालकर 5-7 मिनट और पकाएं. जब खीर अच्छी तरह गाढ़ी हो जाए तो गैस बंद कर दें.

भोग के लिए ऐसे करें सर्व
खीर को हल्का ठंडा होने दें और फिर साफ बर्तन में निकालकर भगवान शिव को भोग लगाएं. चाहें तो ऊपर से थोड़ा पिस्ता और केसर डालकर इसे और आकर्षक बना सकते हैं. पूजा के बाद इसे प्रसाद के रूप में परिवार और मेहमानों में बांटें.

मखाने की यह स्वादिष्ट और क्रीमी खीर स्वाद के साथ पोषण से भी भरपूर होती है. सावन सोमवार के शुभ अवसर पर यह आसान रेसिपी आपके भोग को खास बना सकती है.



Source link

Write A Comment