नई दिल्लीः लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने UGC नेट की तीन परीक्षाएं रद्द होने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।  राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि NTA ने दो महीने के बाद पेपर रद्द किया। देश में शिक्षा व्यवस्था बची ही नहीं हैं। मोदी सरकार की तरह NTA भी गलती स्वीकार नहीं करती।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स हैंडल पर कहा, मोदी जी, देखिए आपकी NTA ने अभी क्या किया है। सोशियोलॉजी, इंग्लिश और कॉमर्स के लिए UGC-NET परीक्षाएं 22 से 30 जून के बीच हुईं। लगभग दो महीने बाद, NTA ने तीनों परीक्षाओं को रद्द कर दिया क्योंकि उसने गलत पेपर सेट किए थे और पुराने सवाल दोहराए थे। 

हज़ारों उम्मीदवार जिन्होंने सालों तक तैयारी की, फ़ॉर्म भरे, फ़ीस दी और दूर-दराज़ के सेंटरों तक यात्रा की, उन्हें अब सितंबर में यह सब फिर से करना होगा। गलती NTA करती है, लेकिन सज़ा छात्र भुगतते हैं। मैंने कोटा, देहरादून और प्रयागराज में यह बात कही थी और मैं इसे कहता रहूंगा। यह अब कोई शिक्षा व्यवस्था नहीं है। यह एक ‘एक्सट्रैक्शन मशीन’ (निचोड़ने वाली मशीन) है। यह आपके पैसे, आपके साल, आपकी मानसिक सेहत और आपका आत्मविश्वास ले लेती है और बदले में कुछ नहीं देती। यहां तक कि नौकरी भी नहीं। NTA अभी भी असली सवाल का जवाब नहीं देगी।  क्या परीक्षा से पहले ये पेपर लीक हुए थे? मोदी सरकार के बाकी सभी विभागों की तरह, NTA कभी नहीं मानती कि उसकी गलती है। गड़बड़ी वाले बाकी सभी पेपरों की तरह, मुझे पूरा यकीन है कि इसके लिए किसी की जवाबदेही तय नहीं होगी। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा पहला कदम था, आखिरी नहीं। NTA के नेतृत्व की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

राहुल गांधी ने छात्रों से कहा कि पीएम मोदी ने एक ऐसी व्यवस्था बनाई है जो परीक्षा ठीक से नहीं करा सकती और फिर परीक्षा देने वाले छात्रों को ही दोषी ठहराती है। आपके साल छीने जा रहे हैं और जब तक PM मोदी इसका जवाब नहीं देते, हम रुकेंगे नहीं।





Source link

Write A Comment