अगर आप रोज के आलू या पनीर पराठों से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो यह दही लच्छा पराठा आपके नाश्ते को खास बना सकता है. इसकी सबसे बड़ी खूबी है इसका बेहद मुलायम आटा और परतदार टेक्सचर. दही और दूध से तैयार यह पराठा बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से इतना सॉफ्ट होता है कि हर बाइट में मक्खन जैसी फील देता है.

इस रेसिपी में पानी की जरूरत नहीं पड़ती. दही की हल्की खटास और दूध की रिचनेस आटे को एकदम स्मूद बनाती है, जबकि कॉर्नफ्लोर की लेयरिंग इसे बाजार वाले लच्छा पराठे जैसा फ्लेकी टेक्सचर देती है.

दही पराठा की रेसिपी

सामग्री

2 कप गेहूं का आटा या मैदा
½ कप ताजा दही
½ कप दूध
½ छोटा चम्मच नमक
2 छोटा चम्मच पिसी चीनी
1 छोटा चम्मच तेल
½ कप कॉर्नफ्लोर
¼ कप तेल
चिली फ्लेक्स
बारीक कटा स्प्रिंग अनियन

ऐसे तैयार करें परफेक्ट पराठे का आटा
एक बड़े बाउल में दही, दूध, नमक और चीनी डालकर अच्छी तरह फेंट लें. अब धीरे-धीरे आटा मिलाते जाएं और नरम आटा तैयार करें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा टाइट न हो, तभी पराठा सॉफ्ट बनेगा. आखिर में थोड़ा तेल डालकर 5–7 मिनट तक अच्छी तरह गूंधें ताकि डो सिल्की और इलास्टिक हो जाए. अब इसे ढककर कम से कम आधे घंटे के लिए रख दें. यह स्टेप बेहद जरूरी है क्योंकि इससे ग्लूटेन एक्टिव होता है और पराठे की परतें बेहतर बनती हैं.

लेयर्स बनाने का ट्रिक
कॉर्नफ्लोर और तेल मिलाकर एक स्मूद पेस्ट तैयार करें. अब आटे की लोई लेकर उसे पतली और बड़ी रोटी की तरह बेलें. इस पर कॉर्नफ्लोर वाला मिश्रण बराबर फैलाएं.

अब रोटी के किनारों से बीच की ओर हल्के कट लगाएं. हर कट के ऊपर थोड़ा चिली फ्लेक्स और स्प्रिंग अनियन डालें. यही चीज इस पराठे को हल्का स्पाइसी और बेहद फ्लेवरफुल बनाती है.

अब कटे हुए हिस्सों को एक-एक करके सेंटर की ओर मोड़ते जाएं. इस तकनीक से कई खूबसूरत परतें तैयार होती हैं. फोल्ड की हुई लोई को तुरंत न बेलें. इसे 10 मिनट आराम दें ताकि परतें सेट हो जाएं.

सेकने का सही तरीका
तवा मीडियम-हाई आंच पर गर्म करें. तैयार लोई को हल्के हाथों से बेलें ताकि परतें टूटें नहीं. अब इसे गर्म तवे पर डालें और दोनों तरफ हल्का सेकें. थोड़ा घी या तेल लगाकर तब तक पकाएं जब तक सुनहरे धब्बे न आ जाएं और किनारे क्रिस्प न हो जाएं.दही और दूध होने की वजह से यह पराठा जल्दी ब्राउन होता है, इसलिए आंच को संतुलित रखें.

आखिर में करें यह खास काम
तवे से उतरते ही पराठे को हल्के हाथों से दबाकर या मसलकर झटका दें. इससे इसकी सारी लेयर्स खुल जाएंगी और पराठा बिल्कुल ढाबा-स्टाइल लच्छा पराठे जैसा दिखेगा. इसे पुदीना दही, मसालेदार अचार या मलाईदार पनीर करी के साथ गर्मागर्म परोसें. एक बार खाने के बाद यह पराठा आपकी फेवरेट ब्रेकफास्ट रेसिपी बन जाएगा.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.



Source link

Write A Comment