Reshmi Aloo Paratha Recipe: भारतीय घरों में सुबह के नाश्ते की बात हो और पराठों का नाम ना आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. कोई गोभी पराठा पसंद करता है तो कोई प्याज वाला, लेकिन आलू का पराठा एक ऐसी डिश है जिसे बच्चे से लेकर बड़े तक हर कोई बड़े चाव से खाता है. गर्मागर्म आलू पराठा, ऊपर से मक्खन या दही… बस नाम सुनते ही भूख बढ़ जाती है. मगर जितना मजेदार इसे खाना लगता है, उतना ही मुश्किल कई लोगों को इसे बनाना लगता है. सबसे बड़ी परेशानी तब होती है जब आलू की स्टफिंग भरकर पराठा बेलते समय वह फटने लगता है. कभी आलू बाहर निकल आता है तो कभी पराठा तवे पर टूट जाता है.
ऐसे में मेहनत भी खराब होती है और स्वाद भी वैसा नहीं आता जैसा चाहिए, अगर आप भी इसी परेशानी से परेशान रहते हैं, तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. मशहूर मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने आलू पराठा बनाने की एक ऐसी आसान ट्रिक बताई है, जिससे ना स्टफिंग भरनी पड़ेगी और ना ही पराठा फटेगा. इस खास रेसिपी को रेशमी आलू पराठा कहा जाता है क्योंकि इसका टेक्सचर बेहद मुलायम और स्वाद शानदार होता है. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती और हर पराठा बिल्कुल परफेक्ट बनकर तैयार होता है.
रेशमी आलू पराठा बनाने के लिए जरूरी चीजें
-3-4 उबले हुए आलू
-1 कप आटा
-स्वाद अनुसार नमक
-1 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
-1 छोटा चम्मच जीरा
-1 छोटा चम्मच बारीक कटी हरी मिर्च
-1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
-सेंकने के लिए घी या तेल
कैसे बनाएं रेशमी आलू पराठा
1. आलू और आटे को करें तैयार
सबसे पहले उबले हुए आलुओं को अच्छे से कद्दूकस कर लें. ध्यान रखें कि आलू में बड़े टुकड़े ना रहें, क्योंकि इससे आटा स्मूद बनता है. अब इसमें आटा, नमक, चिली फ्लेक्स, जीरा, हरी मिर्च और हरा धनिया डाल दें. सारी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मिलाएं.
2. बिना पानी के गूंथें सॉफ्ट आटा
इस रेसिपी की सबसे खास बात यही है कि इसमें अलग से स्टफिंग नहीं भरनी पड़ती. आलू और आटा साथ में मिलाकर सीधे डो तैयार किया जाता है. जरूरत लगे तो थोड़ा सा ही पानी डालें, क्योंकि आलू में पहले से नमी होती है. आटा ज्यादा सख्त ना रखें, हल्का सॉफ्ट डो ही पराठे को रेशमी बनाता है.
3. आटे को दें थोड़ा रेस्ट
आटा तैयार होने के बाद इसे करीब 15 मिनट ढककर रख दें. ऐसा करने से डो अच्छे से सेट हो जाता है और पराठे बेलते समय टूटते नहीं हैं. यही छोटा सा स्टेप पराठे को और ज्यादा मुलायम बनाता है.
4. पतले और मुलायम पराठे बेलें
अब छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और हल्के हाथों से पराठे बेल लें. चूंकि इसमें अलग से भरावन नहीं है, इसलिए बेलते वक्त पराठा फटने का डर बिल्कुल नहीं रहता. यही वजह है कि नए लोग भी इसे आसानी से बना सकते हैं.
5. तवे पर ऐसे सेंकें
गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ हल्का घी या तेल लगाकर सेंकें. जब पराठे पर गोल्डन ब्राउन स्पॉट्स दिखने लगें, तब समझ जाइए कि आपका रेशमी आलू पराठा तैयार है. इसे दही, चटनी, अचार या मक्खन के साथ गर्मागर्म सर्व करें.
क्यों खास है ये रेशमी आलू पराठा
इस पराठे की सबसे बड़ी खासियत इसका सॉफ्ट टेक्सचर है. कई बार स्टफिंग वाले आलू पराठे ज्यादा मोटे हो जाते हैं, लेकिन ये पराठा हल्का और बेहद मुलायम बनता है. साथ ही इसमें तेल भी कम लगता है, इसलिए ये स्वाद और हेल्थ दोनों का अच्छा कॉम्बिनेशन बन जाता है. अगर घर में बच्चे नाश्ते में रोज कुछ नया मांगते हैं, तो ये रेसिपी उनके लिए भी बढ़िया ऑप्शन है. ऑफिस जाने वालों के लिए भी ये जल्दी बनने वाला टेस्टी नाश्ता साबित हो सकता है. खास बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा झंझट नहीं होता और हर बार एक जैसा स्वाद मिलता है.
परफेक्ट पराठा बनाने के आसान टिप्स
आलू पूरी तरह ठंडे होने के बाद ही इस्तेमाल करें. आटा ज्यादा टाइट ना रखें. बेलते समय ज्यादा दबाव ना डालें. तवा हमेशा मीडियम आंच पर गर्म रखें. घी लगाने से पराठा ज्यादा स्वादिष्ट और सॉफ्ट बनता है.