भारतीय क्रिकेट टीम लगभग 1 महीने से विदेशी धरती पर खेल रही है। इस दौरान टीम को लगातार 3 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया को पहले आयरलैंड दौरे पर 2 मैचों की T20I सीरीज में हार मिली। इसके बाद टीम इंडिया को इंग्लैंड दौरे पर भी करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड की सरजमीं पर भारतीय टीम सबसे पहले 5 मैचों की T20I सीरीज में 4 मैच हार गई। फिर 3 मैचों की ODI सीरीज में इंग्लैंड ने मेहमान टीम को 2-1 से हराया। अब टीम इंडिया जिम्बाब्वे पहुंच चुकी है, जहां उसकी नजर इस लगातार हार के सिलसिले को तोड़ने पर होगी।
ईशान किशन नबंर-1 बनने से 146 रन दूर
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय टीम 23 जुलाई से 3 मैचों की T20I सीरीज खेलेगी, जिसमें श्रेयस अय्यर टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। तीनों मैच एक ही वेन्यू यानी हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। इस सीरीज के लिए ईशान किशन भी टीम इंडिया के साथ जिम्बाब्वे पहुंच चुके हैं, जिनकी नजरें यहां बड़ा कारनामा करने पर टिकी हैं।
दरअसल, ईशान किशन इस साल T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर हैं। उन्हें नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा करने के लिए 146 रनों की दरकार है। साल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह के नाम है। करणबीर ने इस साल 19 T20I मैचों में 50 से ज्यादा के औसत और 190.16 के स्ट्राइक रेट से 812 रन जड़े हैं। दूसरे नंबर पर काबिज ईशान किशन ने साल 2026 में 20 T20I मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 667 रन बनाए हैं। ईशान को पहले नंबर की कुर्सी हथियाने के लिए सिर्फ 146 रनों की दरकार है। ईशान का इस साल औसत 33.35 और स्ट्राइक रेट 182 से ज्यादा का है।
साल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले बल्लेबाज
- करणबीर सिंह (ऑस्ट्रिया) – 812
- ईशान किशन (भारत) – 667
- शिमरोन हेटमायर (वेस्टइंडीज) – 566
- आदिल बट (स्वाजीलैंड) – 532
जिम्बाब्वे के खिलाफ T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।
यह भी पढ़ें:
श्रेयस अय्यर फिर संभालेंगे कमान, भारत बनाम जिम्बाब्वे सीरीज के लिए क्या है पूरा स्क्वाड