Last Updated:
How to make baingan ki kachri: बैंगन काफी लोग खाने से दूर भागते हैं. वहीं, कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें ये सब्जी बेहद पसंद होती है. अक्सर लोग बैंगन की सूखी भाजी, बैंगन का भरता या फिर भरवां बैंगन बनाकर खाते हैं. इन सब से अलग कुछ ट्राई करना चाहते हैं तो आप पंजाबी स्टाइल बैंगन की कचरी बनाकर देखिए. झटपट बनने वाली ये रेसिपी आप शाम में स्नैक्स की तरह भी खा सकते हैं. जानिए, बैंगन की कचरी बनाने की विधि.
बैंगन की कचरी रेसिपी.
How to make baingan ki kachri: बैंगन काफी लोग खाना पसंद नहीं करते हैं. लोगों को ये सब्जी बेस्वाद और बेगुण लगती है, लेकिन जो लोग ऐसा सोचते हैं, वे गलत हैं, क्योंकि बैंगन में कई पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर को ढेरों लाभ पहुंचाते हैं. बैंगन का भरता, बैंगन की कलौंजी या भरवा बैंगन जब घर में बनता है, तो खाने का स्वाद डबल हो जाता है. आमतौर पर जो लोग बैंगन खाना पसंद करते हैं, वे बैंगन की सूखी या ग्रेवी वाली सब्जी, भरता, कलौंजी ही बनाकर खाते हैं, लेकिन आप बैंगन से कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो बनाकर खाएं पंजाबी स्टाइल बैंगन की कचरी.
बैंगन की कचरी रेसिपी शेफ कुणाल कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है. बैंगन की कचरी एक पारंपरिक पंजाबी डिश है, जो बेहद ही क्रिस्पी, टेस्टी स्नैक है. इसे आप सिंपल शाम में चाय के साथ स्नैक्स की तरह खा सकते हैं. फटाफट बैंगन से कुछ बनाना हो तो यह बेहद ही सरल और चटपटी रेसिपी है, जिसे घर पर आसानी से बना सकते हैं. यह सूखी सब्जी के रूप में परफेक्ट रेसिपी है. जानिए, बैंगन की कचरी बनाने के लिए सामग्री और विधि.
बैंगन की कचरी बनाने के लिए सामग्री
गोल और बड़े बैंगन – 2
गेहूं का आटा – 1 कप
लाल मिर्च पाउडर – 2 छोटे चम्मच
हल्दी – 1 छोटा चम्मच
कसूरी मेथी पाउडर – 1 छोटा चम्मच
चाट मसाला – 1 बड़ा चम्मच
गरम मसाला – 1 छोटा चम्मच
सूजी – 1 कप
सरसों का तेल – शैलो फ्राई करने के लिए
हरी मिर्च बीच से कटी हुई -3-4
नमक – स्वादानुसार
काला नमक – 1 छोटा चम्मच
बैंगन की कचरी बनाने की विधि
सबसे पहले आप फ्रेश दो गोल और बड़े बैंगन लें. इसे धोकर गोल-गोल मोटे आकार में स्लाइस की तरह काट लें. अब इसके ऊपर थोड़ा सा नमक छिड़क दें. साथ ही काला नमक भी सभी बैंगन पर डाल दें. अब इसके ऊपर मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, कसूरी मेथी का पाउडर, चाट मसाला, गर्म मसाला दोनों तरफ डालकर अच्छी तरह से मिला लें. नमक डालने से बैंगन में मौजूद पानी निकल जाएगा. इसे 10 मिनट के लिए मैरिनेट होने दें. गैस पर पैन या तवा रखें. अब एक प्लेट में आटा डालकर फैला दें.
एक प्लेट में सूजी भी इसी तरह से फैलाकर रख दें. पैन में सरसों का तेल थोड़ा डालकर अच्छी तरह से गर्म करें. एक पीस मसाले वाले बैंगन को आटे में लपेटें और तवे पर रखें. इसी तरह सभी बैंगन को आटे में लेपेट और तवे पर डालते जाएं. यदि आपको सूजी में लपेटे हुए बैंगन कचरी खाना है तो सूजी में बैंगन को लपेट कर तवे पर उलट-पलट कर पकाएं. अच्छी तरह से बैंगन पक जाए तो प्लेट में निकाल लें. इसे गर्मा गर्म ग्रीन चटनी या सॉस के साथ खाने का मजा लें.
About the Author
अंशुमाला हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा होल्डर हैं. इन्होंने YMCA दिल्ली से हिंदी जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से काम कर रही हैं. न्यूज 18 हिंदी में फरवरी 2022 से लाइफस्टाइ…और पढ़ें