Shakarkand Paratha Recipe: मौसम के बदलते ही खाने की पसंद भी बदलने लगती है. गरमा-गरम, स्वाद से भरे और पेट को सुकून देने वाले व्यंजन इस मौसम में सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं. ऐसे में पराठे हर घर की पहली पसंद बन जाते हैं, लेकिन रोज-रोज आलू, गोभी या पनीर के पराठे खाते-खाते थोड़ा बोरियत होना भी लाजमी है, अगर आप भी कुछ नया और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो शकरकंद का पराठा आपके लिए एक शानदार ऑप्शन हो सकता है. शकरकंद ना सिर्फ स्वाद में हल्की मिठास लिए होता है, बल्कि इसमें भरपूर फाइबर और पोषण भी होता है, जो शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देता है.
खास बात ये है कि इसे बनाना भी बेहद आसान है और इसका टेक्सचर इतना सॉफ्ट होता है कि बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सभी आराम से खा सकते हैं. सुबह के नाश्ते में अगर कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो हेल्दी भी हो और टेस्टी भी, तो शकरकंद पराठा एकदम परफेक्ट चॉइस है.
शकरकंद पराठा बनाने के लिए जरूरी चीजें
इस रेसिपी के लिए आपको उबले हुए शकरकंद, आटा, हरी मिर्च, अदरक, पनीर, धनिया पत्ती, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला, नमक और थोड़ा सा तेल या घी चाहिए. ये सारी चीजें मिलकर पराठे का स्वाद और भी बढ़ा देती हैं.
शकरकंद पराठा बनाने का आसान तरीका
-सबसे पहले शकरकंद को अच्छी तरह उबाल लें और ठंडा होने के बाद उसका छिलका निकाल लें. अब इसे अच्छे से मैश कर लें ताकि कोई भी गांठ न रह जाए.
-अब एक बड़े बर्तन में मैश किया हुआ शकरकंद और आटा डालें. इसके साथ बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक और धनिया पत्ती भी डाल दें. इसके बाद इसमें पनीर मिलाएं और सब कुछ अच्छे से मिक्स करें.
-अब मसाले डालने की बारी आती है. नमक, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, अजवाइन और गरम मसाला डालकर इसे अच्छी तरह मिला लें. फिर थोड़ा सा तेल डालें और जरूरत के हिसाब से पानी डालकर आटा गूंथ लें.
-ध्यान रखें कि आटा ज्यादा सख्त न हो, क्योंकि शकरकंद पहले से ही सॉफ्ट होता है. अब इस आटे को करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें.
-इसके बाद छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और हल्के हाथ से बेलें. तवा गर्म करें और पराठा डालकर दोनों तरफ से घी या तेल लगाकर सुनहरा होने तक सेक लें.
सर्व करने का तरीका और स्वाद बढ़ाने के टिप्स
-शकरकंद का पराठा गरमागरम दही, मक्खन या अचार के साथ परोसें, अगर चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा मक्खन डालकर इसका स्वाद और भी बढ़ा सकते हैं.
-अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो मिर्च थोड़ी कम रखें और थोड़ा सा चाट मसाला ऊपर से छिड़क सकते हैं, इससे उन्हें और मजा आएगा.
शकरकंद पराठा क्यों है हेल्दी ऑप्शन
शकरकंद में फाइबर, विटामिन और नेचुरल मिठास होती है, जो इसे बाकी पराठों से अलग बनाती है. यह पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और बार-बार भूख नहीं लगने देता. और एनर्जी लेवल को बनाए रखता है.