Last Updated:

अगर आप खाने के साथ खट्टा-तीखा अचार पसंद करते हैं, तो घर पर बना करौंदे का अचार जरूर ट्राई करें. सही मसालों और आसान विधि से तैयार यह अचार स्वाद बढ़ाने के साथ लंबे समय तक फ्रेश भी रहता है. जानिए इसे बनाने की आसान रेसिपी.

ख़बरें फटाफट

Zoom

करौंदे का अचार.

करौंदा एक ऐसा मौसमी फल है, जिसका स्वाद हल्का खट्टा और कसैला होता है. यही वजह है कि इसका अचार भारतीय रसोई में काफी पसंद किया जाता है. मसालों और सरसों के तेल के साथ तैयार किया गया करौंदे का अचार खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. दाल-चावल, पराठे या सादी रोटी के साथ इसका स्वाद बेहद लाजवाब लगता है.

अगर अचार बनाने का सही तरीका अपनाया जाए, तो यह लंबे समय तक खराब नहीं होता और इसका स्वाद भी दिनों-दिन और निखरता जाता है. सबसे जरूरी बात यह है कि करौंदे पूरी तरह सूखे हों और अचार बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन व जार में बिल्कुल भी नमी न हो. आइए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट करौंदे का अचार बनाने की आसान रेसिपी.

सामग्री
500 ग्राम ताजे करौंदे
3 बड़े चम्मच सरसों का तेल
2 बड़े चम्मच दरदरी कुटी राई
2 बड़े चम्मच दरदरी कुटी सौंफ
1 छोटा चम्मच मेथी दाना
1 छोटा चम्मच कलौंजी
1/2 छोटा चम्मच हींग
1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
2 बड़े चम्मच लाल मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
2 बड़े चम्मच नमक
करौंदे तैयार करें

सबसे पहले करौंदों को अच्छी तरह धो लें और साफ कपड़े पर फैलाकर पूरी तरह सूखने दें. अगर इनमें जरा भी नमी रह जाएगी, तो अचार जल्दी खराब हो सकता है. बड़े करौंदों पर हल्का-सा चीरा लगा दें, ताकि मसाले अंदर तक पहुंच सकें.

मसाला तैयार करें
एक कड़ाही में सरसों का तेल अच्छी तरह गर्म करें. जब तेल से हल्का धुआं निकलने लगे, तो गैस बंद कर दें और उसे थोड़ा ठंडा होने दें. अब इसमें मेथी दाना, कलौंजी और हींग डालें. इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च, नमक, दरदरी राई और सौंफ डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब तैयार मसाले में करौंदे डालें और हल्के हाथों से अच्छी तरह मिलाएं. ध्यान रखें कि हर करौंदे पर मसाले की परत अच्छी तरह चढ़ जाए. इससे अचार का स्वाद एकसार रहेगा.

धूप दिखाना है जरूरी
तैयार अचार को सूखे कांच के जार में भर दें. जार को 2–3 दिन तक रोज कुछ घंटों के लिए धूप में रखें. दिन में एक बार सूखे चम्मच से अचार को हल्का-सा चलाएं. इससे मसाले अच्छी तरह मिल जाएंगे और अचार का स्वाद और भी बेहतर हो जाएगा.

स्टोर करते समय रखें इन बातों का ध्यान
अचार निकालते समय हमेशा सूखे और साफ चम्मच का ही इस्तेमाल करें. अगर आपको लगे कि तेल कम हो गया है, तो ऊपर से थोड़ा गर्म करके ठंडा किया हुआ सरसों का तेल डाल सकते हैं. सही तरीके से स्टोर करने पर करौंदे का अचार कई महीनों तक स्वादिष्ट बना रहता है.

About the Author

Vividha SinghSub Editor

विविधा सिंह इस समय News18 हिंदी के डिजिटल मीडिया में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह लाइफस्टाइल बीट में हेल्थ, फूड, ट्रैवल, फैशन और टिप्स एंड ट्रिक्स जैसी स्टोरीज कवर करती हैं. कंटेंट लिखने और उसे आसान व …और पढ़ें



Source link

Write A Comment