Last Updated:

ओट्स से घर पर बनी कुकीज स्वादिष्ट होने के साथ रोज की चाय या कॉफी के लिए एक आसान स्नैक भी हैं. इन्हें अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स के साथ बनाकर स्वाद और टेक्सचर को और बेहतर किया जा सकता है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

कुकीज का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन बाजार में मिलने वाली कुकीज में अक्सर मैदा और ज्यादा चीनी का इस्तेमाल होता है. अगर आप घर पर कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ थोड़ा बेहतर विकल्प भी हो, तो ओट्स कुकीज ट्राई कर सकते हैं. इन्हें बनाना काफी आसान है और इसके लिए किसी खास बेकिंग एक्सपर्ट होने की जरूरत नहीं. चाय या कॉफी के साथ इनका स्वाद काफी अच्छा लगता है. खास बात यह है कि इन्हें अपनी पसंद के हिसाब से नट्स या ड्राई फ्रूट्स डालकर भी बनाया जा सकता है.

ओट्स कुकीज बनाने के लिए सामग्री

ओट्स कुकीज बनाने के लिए 1 कप रोल्ड ओट्स या ओट्स का आटा, आधा कप गेहूं का आटा, करीब आधा कप पिसी हुई चीनी, आधा कप मक्खन, आधा चम्मच बेकिंग पाउडर, एक चुटकी नमक और आधा चम्मच दालचीनी पाउडर लें. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें कटे हुए बादाम, अखरोट, किशमिश या चॉकलेट चिप्स भी डाले जा सकते हैं. आटा गूंथने के लिए जरूरत के अनुसार 2-3 चम्मच दूध इस्तेमाल करें.

सबसे पहले तैयार करें कुकीज का मिश्रण

सबसे पहले एक बड़े बाउल में मक्खन और पिसी हुई चीनी डालकर अच्छी तरह फेंटें. मिश्रण हल्का और क्रीमी हो जाए तो इसमें ओट्स का आटा और गेहूं का आटा डालें. इसके बाद बेकिंग पाउडर, नमक और दालचीनी पाउडर मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करने के बाद जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा दूध डालकर नरम आटा तैयार करें. ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत ज्यादा पतला न हो.

कुकीज को दें मनचाहा आकार

अब तैयार आटे में कटे हुए बादाम, अखरोट या अपनी पसंद के दूसरे ड्राई फ्रूट्स मिला दें. आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़कर हथेली से हल्का दबाएं और कुकीज का आकार दें. इन्हें बटर पेपर लगी बेकिंग ट्रे पर थोड़ी दूरी बनाकर रखें. चाहें तो ऊपर से कुछ ड्राई फ्रूट्स या ओट्स भी डाल सकते हैं.

ओवन में ऐसे करें बेक

ओवन को पहले से करीब 170 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट कर लें. अब ट्रे को ओवन में रखकर लगभग 12-18 मिनट तक बेक करें. कुकीज के किनारे हल्के सुनहरे होने लगें तो इन्हें बाहर निकाल लें. ओवन से निकलने के तुरंत बाद कुकीज थोड़ी नरम लग सकती हैं, लेकिन ठंडी होने के बाद इनका टेक्सचर ज्यादा सेट हो जाता है.

About the Author

Vividha SinghSub Editor

विविधा सिंह हिंदी डिजिटल पत्रकारिता का उभरता हुआ नाम हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में साढ़े चार साल का अनुभव है. वर्तमान में वह News18 हिंदी में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह लाइफस्टाइल वर्टि…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment