Last Updated:
तुरई को अगर आप सिर्फ साधारण सब्जी समझते हैं, तो ये 5 रेसिपी आपका नजरिया बदल सकती हैं. भरवां तुरई से लेकर कुरकुरे पकौड़े, चटनी, भरता और चना दाल तक, इन आसान तरीकों से तुरई का स्वाद हर बार मिलेगा बिल्कुल अलग.
तुरई यानी Ridge Gourd गर्मियों और बारिश के मौसम में मिलने वाली ऐसी सब्जी है, जिसे लोग अक्सर साधारण सब्जी समझकर बनाते हैं. कभी प्याज-टमाटर के साथ तो कभी दाल में डालकर तुरई तैयार हो जाती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि तुरई से कई ऐसी स्वादिष्ट डिशेज भी बनाई जा सकती हैं, जो रोज की सब्जी से बिल्कुल अलग हैं. खास बात यह है कि इनकी रेसिपी में ज्यादा मेहनत या बहुत सारी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. अगर घर में तुरई पड़ी है तो इन 5 तरीकों को जरूर ट्राई करें.
1. तुरई के भरवां टुकड़े
भरवां सब्जी पसंद है तो तुरई को इस अंदाज में बना सकते हैं. तुरई को छीलकर बड़े टुकड़ों में काट लें और बीच से थोड़ा खोखला कर लें. अब इसमें बेसन, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, हल्दी, अमचूर और थोड़ा नमक मिलाकर तैयार किया हुआ मसाला भरें. कड़ाही में थोड़ा तेल डालकर इन्हें धीमी आंच पर पकाएं. मसाला अच्छी तरह भुन जाए और तुरई नरम हो जाए तो इसे रोटी या पराठे के साथ परोस सकते हैं.
2. तुरई के पकौड़े
शाम की चाय के साथ कुछ अलग खाने का मन हो तो तुरई के पकौड़े बनाए जा सकते हैं. इसके लिए तुरई को कद्दूकस करके उसका अतिरिक्त पानी हल्का निचोड़ लें. इसमें बेसन, प्याज, हरी मिर्च, अजवाइन, नमक और मसाले मिलाकर गाढ़ा मिश्रण तैयार करें. अब छोटे-छोटे पकौड़े बनाकर तेल में सुनहरा होने तक तलें. इन्हें हरी चटनी के साथ परोसने पर स्वाद और बढ़ जाता है.
3. तुरई की चटनी
तुरई से चटनी भी तैयार की जा सकती है. तुरई के टुकड़ों को हल्का भून लें. इसके बाद इसमें हरी मिर्च, लहसुन और थोड़ा जीरा डालकर भूनें. ठंडा होने पर इसे पीस लें और स्वाद के अनुसार नमक व नींबू का रस मिलाएं. यह चटनी दाल-चावल, रोटी या पराठे के साथ काफी अच्छी लगती है.
4. तुरई का भरता
बैंगन के भरते की तरह तुरई का भरता भी एक अलग स्वाद देता है. तुरई को छीलकर छोटे टुकड़ों में काटें और कड़ाही में पकाएं. जब यह अच्छी तरह नरम हो जाए तो इसे हल्का मैश कर लें. अब इसमें प्याज, हरी मिर्च, टमाटर और मसाले डालकर कुछ देर भूनें. ऊपर से हरा धनिया डालकर इसे गरम रोटी के साथ परोसें.
5. तुरई-चना दाल
अगर हल्की लेकिन स्वादिष्ट डिश बनानी है तो तुरई और चना दाल का कॉम्बिनेशन बेहतरीन है. चना दाल को कुछ देर भिगोकर तुरई के टुकड़ों के साथ पकाएं. इसमें हल्दी, नमक और जरूरी मसाले डालें. आखिर में जीरा, लहसुन और सूखी लाल मिर्च का तड़का लगाएं. दाल की मलाईदार बनावट और तुरई का हल्का स्वाद इसे रोज की दाल से अलग बना देता है.
About the Author
विविधा सिंह हिंदी डिजिटल पत्रकारिता का उभरता हुआ नाम हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में साढ़े चार साल का अनुभव है. वर्तमान में वह News18 हिंदी में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह लाइफस्टाइल वर्टि…
और पढ़ें