Last Updated:

Kizi Parotta Recipe: अगर आप आम पराठों और पारंपरिक स्नैक्स से कुछ अलग स्वाद चखना चाहते हैं तो किज़ी परोट्टा बेहतरीन विकल्प हो सकता है. मलयालम में किज़ी का अर्थ पोटली होता है और इसी अंदाज में यह डिश तैयार की जाती है. मसालेदार अंडा भुर्जी और लच्छेदार पराठों को केले के पत्ते में बांधकर स्टीम किया जाता है, जिससे इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. हैदराबाद में यह डिश इन दिनों फूड लवर्स की पसंद बनी हुई है. घर पर भी आसान सामग्री के साथ इसे तैयार कर दक्षिण भारतीय जायके का आनंद लिया जा सकता है.

ख़बरें फटाफट

हैदराबाद. स्ट्रीट फूड की दुनिया में आए दिन नए-नए प्रयोग देखने को मिलते हैं, लेकिन कुछ पारंपरिक और अनोखे व्यंजन ऐसे होते हैं जो अपने स्वाद और बनाने के खास अंदाज के कारण लोगों का ध्यान तुरंत आकर्षित कर लेते हैं. इन दिनों हैदराबाद की सड़कों पर दक्षिण भारत की लोकप्रिय डिश किज़ी परोट्टा (Kizhi Porotta) खूब चर्चा में है. यह स्वादिष्ट व्यंजन अपने अनोखे प्रेजेंटेशन और लाजवाब फ्लेवर के कारण फूड लवर्स की पहली पसंद बनता जा रहा है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसे बनाने का तरीका है, जो इसे अन्य स्ट्रीट फूड से अलग पहचान देता है.

दरअसल, मलयालम भाषा में “किज़ी” का अर्थ पोटली होता है. इस डिश में लच्छेदार पराठों और मसालेदार ग्रेवी को केले के पत्ते में लपेटकर पोटली बनाई जाती है. इसके बाद इस पोटली को तवे पर धीमी आंच में स्टीम किया जाता है. स्टीमिंग के दौरान केले के पत्ते की सोंधी खुशबू मसालों और पराठों में समा जाती है, जिससे इसका स्वाद और भी शानदार हो जाता है. यही वजह है कि किज़ी परोट्टा दक्षिण भारत की सबसे पसंदीदा स्ट्रीट फूड डिशों में शामिल हो चुकी है.

किजी परोट्टा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

इस डिश को बनाने के लिए 3 से 4 लच्छेदार मैदे के पराठे, 3 अंडे, बारीक कटा हुआ प्याज और टमाटर, हरी मिर्च, कढ़ी पत्ता, एक चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, चिकन या मटन मसाला और स्वादानुसार नमक की आवश्यकता होती है. इसके अलावा पोटली तैयार करने के लिए दो केले के पत्ते भी चाहिए. शाकाहारी लोग अंडे के बिना भी इस रेसिपी को तैयार कर सकते हैं.

ऐसे बनाएं स्वादिष्ट किजी परोट्टा

सबसे पहले एक बड़े तवे या कढ़ाई में तेल गर्म करें. इसमें कढ़ी पत्ता, हरी मिर्च, प्याज और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद टमाटर और सभी सूखे मसाले डालकर तब तक पकाएं, जब तक मसाले से तेल अलग न होने लगे. अब इस मसालेदार मिश्रण में दो अंडे तोड़कर डालें और अच्छी तरह मिलाते हुए भुर्जी तैयार कर लें. फिर पहले से बने लच्छेदार पराठों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर इस मिश्रण में मिला दें, ताकि पराठे मसालों का पूरा स्वाद सोख लें. दूसरी ओर एक तवे पर बचे हुए अंडे का पतला ऑमलेट बना लें. केले के पत्ते को हल्का सा आंच पर सेकें. पत्ते के बीच में पहले ऑमलेट रखें और उसके ऊपर मसालेदार पराठे का मिश्रण डाल दें.

अब केले के पत्ते को चारों तरफ से मोड़कर पोटली का आकार दें और धागे से बांध लें. इसके बाद तवे पर थोड़ा पानी छिड़कें और तैयार पोटली को रखकर ढक दें. इसे 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर स्टीम होने दें. जब पोटली को खोलेंगे तो केले के पत्ते की सोंधी खुशबू के साथ गर्मागर्म, मसालेदार और रसीला किज़ी परोट्टा परोसने के लिए तैयार मिलेगा. स्वाद और खुशबू का यह अनोखा मेल हर फूड लवर को जरूर पसंद आएगा.

About the Author

deep ranjan

दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें



Source link

Write A Comment