Last Updated:
Babool Gond Ke Laddu Recipe: बबूल गोंद के लड्डू समस्तीपुर की एक खास पारंपरिक मिठाई है, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी जानी जाती है. बबूल के पेड़ से मिलने वाले प्राकृतिक गोंद से तैयार यह लड्डू खासतौर पर सर्दियों में शरीर को ऊर्जा देने और ताकत बढ़ाने के लिए खाया जाता है. देसी घी, आटा, खोआ और सूखे मेवों से बनने वाली यह रेसिपी न सिर्फ पौष्टिक है, बल्कि अपनी खुशबू और स्वाद से लोगों के बीच तेजी से फिर लोकप्रिय हो रही है.
आपने तरह-तरह की मिठाइयों का स्वाद जरूर चखा होगा. लेकिन क्या कभी बबूल के गोंद से बने लड्डू के बारे में सुना है? समस्तीपुर जिले में यह खास मिठाई न सिर्फ स्वाद के लिए बल्कि सेहत के लिए भी जानी जाती है.
बबूल का पेड़ आमतौर पर जंगलों या खुले इलाकों में उगता हुआ दिखाई देता है. पर बहुत कम लोग जानते हैं कि इसके गोंद से एक पौष्टिक मिठाई तैयार की जाती है.
यह लड्डू खासतौर पर सर्दियों में शरीर को ऊर्जा देने और ताकत बढ़ाने के लिए खाया जाता है. पारंपरिक तरीके से बनने वाली यह मिठाई अब धीरे-धीरे लोगों के बीच फिर से लोकप्रिय हो रही है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बबूल के गोंद का लड्डू बनाना जितना सुनने में अलग लगता है, उतना ही आसान है. सबसे पहले बबूल के गोंद को अच्छी तरह सुखाकर उसका पाउडर तैयार कर लें. इसके बाद कढ़ाही में देसी घी गर्म करें और उसमें गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर भूनें. जब तक उसका रंग हल्का भूरा न हो जाए.
इसके बाद इसमें खोआ डालकर अच्छे से भून लें. दूसरी तरफ चीनी का भूरा या गुड़ तैयार कर लें. अब भुने हुए मिश्रण में इसे मिलाएं. इसके साथ ही काजू, किशमिश, नारियल और खीरे के बीज जैसे सूखे मेवे डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. अंत में बबूल के गोंद को घी या तेल में तलें. यह मक्का के लावा की तरह फूल जाता है. इसे मिश्रण में मिलाकर हाथों से गोल आकार देकर लड्डू बना लें.
समस्तीपुर के कारीगर कौशल कुमार बताते हैं कि बबूल के गोंद से मिठाई बनाना बिल्कुल आसान है. बस इसकी सही विधि का ज्ञान होना चाहिए. उनके अनुसार देसी घी में आटा और खोआ को सही तरीके से भूनना सबसे महत्वपूर्ण चरण है. क्योंकि इसी से स्वाद और खुशबू तय होती है.
इसके बाद चीनी का भूरा और सूखे मेवों का संतुलन मिठाई को और खास बनाता है. कारीगर बताते हैं कि गोंद को तलते समय ध्यान रखना चाहिए कि वह पूरी तरह फूल जाए. तभी लड्डू कुरकुरे और स्वादिष्ट बनते हैं. इस पारंपरिक रेसिपी को अपनाकर कोई भी घर पर आसानी से पौष्टिक और स्वादिष्ट बबूल गोंद के लड्डू तैयार कर सकता है.