Last Updated:
Kakdi Pudina Chutney Recipe: तपती गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच जब खाने का स्वाद फीका लगने लगे, तो रामपुर की दादी चंद्रावती का एक पुराना नुस्खा आपकी थाली में जान फूंक सकता है. ककड़ी और पुदीने की यह चटपटी चटनी न केवल जुबान का जायका बढ़ाती है, बल्कि तपते पेट को अंदर से राहत भी देती है. दादी बताती हैं कि यह चटनी उनके बचपन से ही गर्मियों का मुख्य हिस्सा रही है, क्योंकि ककड़ी शरीर को हाइड्रेटेड रखती है और पुदीना पाचन को दुरुस्त करता है. इसे बनाना बेहद आसान है और सेहत के लिहाज से यह किसी औषधीय वरदान से कम नहीं है.
Kakdi Pudina Chutney Recipe: जैसे-जैसे पारा चढ़ रहा है और धूप तीखी हो रही है, लोगों की खान-पान की आदतें भी बदलने लगी हैं. इस मौसम में भारी और मसालेदार खाना सेहत बिगाड़ सकता है, इसलिए हल्का और ठंडा खाना ही सबसे बेहतर माना जाता है. रामपुर की रहने वाली 70 साल की दादी चंद्रावती ने एक ऐसा देसी नुस्खा साझा किया है, जो गर्मियों में आपके शरीर के लिए कूलर का काम करेगा. यह नुस्खा है ककड़ी और पुदीने की ताजी चटनी, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी पूरा ख्याल रखती है.
दादी चंद्रावती बताती हैं कि उनके जमाने में गर्मियों के मौसम में ककड़ी और पुदीने का खूब इस्तेमाल होता था. आज के दौर में लोग बाजार के सॉस और महंगे अचार के पीछे भागते हैं, लेकिन जो बात इस घर की बनी ताजी चटनी में है, वो कहीं और नहीं है. दादी बताती है बचपन से ही वो इस चटनी को अपनी थाली का हिस्सा बनाती आ रही हैं क्योंकि यह पेट की जलन को शांत करने का सबसे सरल और असरदार तरीका है. ककड़ी शरीर में पानी की कमी को पूरा करती है और पुदीना अपनी ठंडक से पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है.
चटनी बनाने की विधि और जरूरी सामग्री
इस चटनी को तैयार करने के लिए सबसे पहले ताजी ककड़ी को अच्छी तरह धोकर छील लें और उसके छोटे-छोटे टुकड़े कर लें. अब एक मिक्सर जार या सिलबट्टा लें और उसमें ककड़ी के टुकड़ों के साथ एक मुट्ठी ताजे पुदीने के पत्ते, दो-तीन हरी मिर्च, लहसुन की चार कलियां और आधा इंच अदरक का टुकड़ा डालें. इसमें स्वादानुसार नमक, आधा चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर और खटास के लिए एक चम्मच नींबू का रस मिलाएं. अब थोड़ा सा पानी डालकर इसे बारीक पीस लें. अगर आप इसके स्वाद को और भी क्रीमी बनाना चाहते हैं, तो पीसते समय या बाद में इसमें दो चम्मच ताजा दही मिला सकते हैं.
हर पकवान के साथ फिट बैठता है यह जायका
यह चटनी इतनी वर्सेटाइल है कि आप इसे किसी भी खाने के साथ खा सकते हैं. चाहे दोपहर का सादा दाल-चावल हो, सुबह का गरमा-गरम पराठा या फिर शाम के समय समोसे और पकौड़े जैसे स्नैक्स, यह हर चीज के स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है. दोपहर के भोजन में इसे शामिल करने से न सिर्फ खाना जल्दी पचता है, बल्कि यह खाने को हल्का और मजेदार भी बना देती है. रामपुर के लोग इसे खास तौर पर लंच में लेना पसंद करते हैं ताकि दिन भर की गर्मी से राहत मिल सके.
ताजगी का खजाना है खीरे पुदीने की चटनी
ककड़ी और पुदीने का मेल गर्मियों के लिए किसी सुपरफूड से कम नहीं है. ककड़ी में पानी की मात्रा अधिक होने की वजह से यह डिहाइड्रेशन से बचाती है, वहीं पुदीना गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं को दूर रखता है. इसमें डाले जाने वाले अदरक और लहसुन शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें