गोरखपुर: गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में आम, बेल, आंवला, अमरूद और कई तरह के मौसमी फल दिखाई देने लगते हैं. लोग इन्हें सीधे खाते हैं या फिर जूस बनाकर पीते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन्हीं फलों से स्वादिष्ट ‘मुरब्बा और अचार’ भी तैयार किया जा सकता है. खास बात यह है कि फलों को इस तरह लंबे समय तक सुरक्षित रखने के साथ इनके स्वाद का अलग आनंद भी लिया जा सकता है.

गोरखपुर की करीब ’70 साल पुरानी दुकान’ पर गर्मियों के मौसम में अलग-अलग फलों के मुरब्बे और अचार लोगों को खूब पसंद आते हैं. यहां दुकान पर बैठने वाले प्राणनाथ बताते हैं कि मौसम के हिसाब से घर पर भी कई तरह के मुरब्बे आसानी से बनाए जा सकते हैं.

बेल का मुरब्बा
बेल को छीलकर उसके गूदे को अलग कर लें, इसे हल्का उबालकर नरम करें और फिर चीनी की चाशनी तैयार करके उसमें बेल के टुकड़े डाल दें. इलायची या थोड़ा सा केसर डालने से इसका स्वाद और खुशबू बढ़ जाती है. इसे ठंडा करके एयरटाइट जार में रखा जा सकता है.

आम का मुरब्बा
कच्चे और सख्त आम को छीलकर टुकड़ों में काट लें, कांटे से हल्के छेद करने के बाद इन्हें चीनी की चाशनी में पकाएं. इसमें सौंफ, इलायची और थोड़ा सा केसर डाल सकते हैं. ठंडा होने के बाद तैयार आम का मुरब्बा रोटी या पराठे के साथ खाया जा सकता है.

आंवले का मुरब्बा
आंवले को अच्छी तरह धोकर हल्का उबाल लें और कांटे से छेद कर लें, इसके बाद चीनी की चाशनी में आंवले को धीमी आंच पर पकाएं. जब चाशनी गाढ़ी हो जाए तो इसे ठंडा करके कांच के जार में भर दें.

अमरूद और पपीते का मुरब्बा भी खास
अमरूद और पपीते से भी मुरब्बा बनाया जा सकता है. अमरूद को टुकड़ों में काटकर चाशनी में पकाएं, जबकि पपीते के सख्त टुकड़ों को हल्का उबालकर चीनी की चाशनी में पकाया जा सकता है. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें इलायची, सौंफ या नींबू की कुछ बूंदें डाली जा सकती हैं.

प्राणनाथ के मुताबिक, गर्मियों में ‘गुलकंद, बेल, आंवला, आम, अमरूद और पपीते जैसे विकल्पों से घर पर अलग-अलग स्वाद के मुरब्बे तैयार किए जा सकते हैं. हालांकि, इन्हें बनाते समय साफ-सफाई का ध्यान रखना और तैयार मुरब्बे को सूखे, साफ एयरटाइट कंटेनर में रखना जरूरी है. इस तरह रोज फल खाने के साथ गर्मियों में फलों से बने इन पारंपरिक स्वादों का भी आनंद लिया जा सकता है.



Source link

Write A Comment