Last Updated:
Chhatarpur News: बेल का फल प्रोटीन, फाइबर, आयरन विटामिन सी और पाचन में सहायक प्राकृतिक यौगिकों से भरपूर होता है. बाहर की गतिविधियों या धूप में लंबे दिन के बाद एक गिलास बेल का शरबत ताजगी का अहसास कराता है.
छतरपुर. गर्मी का मौसम शुरू होते ही पेट संबंधी समस्याओं के साथ थकान और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में प्राकृतिक और ठंडक देने वाला बेल का शर्बत स्वास्थ्य के लिए वरदान साबित होता है. बाजार के ठंडे पेय और शक्कर वाले जूस की जगह घर का बना बेल का शर्बत वरदान से कम नहीं है. यह सस्ता, पौष्टिक और पूरी तरह प्राकृतिक है. मध्य प्रदेश के छतरपुर के राजकुमार कुशवाहा लोकल 18 से कहा कि हम हर साल ही गर्मी सीजन में बेल का पना और शर्बत बनाते हैं. छतरपुर जिले में इसके पेड़ आसानी से देखने को मिल जाते हैं. बेल के इन पेड़ों में अब बेल फल पकने शुरू हो गए हैं, इसलिए अब जिले में बेल पना या बेल शरबत देखने को मिल जाता है. इसे बनाना भी बेहद ही आसान होता है. आप इसे घर पर भी मिनटों में तैयार कर सकते हैं.
राजकुमार बताते हैं कि अगर आप बेल शरबत नहीं बनाना चाहते हैं, तो इसका पना भी बना सकते हैं, जो शरबत से भी जल्दी बनकर तैयार हो जाता है. सबसे पहले बेल फल से गूदा निकाल लें और उसे हाथों से मीस लें. इसके बाद उसमें शक्कर, चाट मसाला और जलजीरा डालकर तैयार कर लें. आप इसे रोटी के साथ भी खा सकते हैं.
एक बेल से बनेगा 10 लीटर शरबत
राजकुमार बताते हैं कि बेल फल को सबसे पहले फोड़ना होता है. इसके बाद बेल फल के गूदे को अच्छी तरह से मीस लेना हैं. इस फल के गूदे को मिक्सर ग्राइंडर में भी मैश कर सकते हैं. एक बेल फल गूदे को अच्छी तरह से मीसने के बाद इसे पानी में डाल देना है. आप चाहें तो एक बड़े बेल से 10 लीटर बेल शरबत भी तैयार कर सकते हैं. इसके बाद जूस छानने की छननी लें. उससे बेल के जूस को एक बर्तन में छान लें. अब छाने हुए शरबत में लगभग एक किलो चीनी डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दें. इसके बाद उसमें आइस क्यूब्स डालकर एक से दो मिनट के लिए छोड़ दें. इसमें 250 ग्राम नींबू, चाट मसाला, जलजीरा और काला या सेंधा नमक डाल लेना है. अब इसे अच्छे से घोल लेना है. इस तरह आपका स्वादिष्ट बेल का शरबत बनकर तैयार हो चुका है.
बेल की तासीर होती है ठंडी
बेल की तासीर काफी ठंडी होती है. यही वजह है कि शरीर का तापमान मेंटेन रखने के लिए समर सीजन में बेल का शरबत पीया जाता है. इसका स्वाद भी काफी अच्छा होता है. यह शरबत लू से बचाने में कारगर साबित होता है.
फाइबर और विटामिन सी से भरपूर
यह फल फाइबर, प्रोटीन, आयरन विटामिन सी और पाचन में सहायक प्राकृतिक यौगिकों से भरपूर होता है. बाहर की गतिविधियों या धूप में लंबे दिन के बाद एक गिलास बेल का शरबत ताजगी का अहसास कराता है. इसकी मुलायम बनावट और हल्का स्वाद इसे बच्चों और बड़ों दोनों के लिए उपयुक्त बनाता है.
उपवास में पिएं बेल का शरबत
गर्मी सीजन में अगर आप उपवास रखते हैं, तो बेल का शरबत उपवास के दौरान भी पीया जा सकता है. इससे शरीर में एनर्जी मिलती है. बॉडी में ठंडक बनाए रखने के लिए हम कई तरह के उपाय करते हैं. उसमें कोल्डड्रिंक पीना भी शामिल है. आप कोल्डड्रिंक के बदले बेल का शरबत ट्राई कर सकते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.