Mango Malai Laddu Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही सबसे पहले जो चीज दिमाग में आती है, वो है आम का मीठा और रसीला स्वाद. चाहे आम को ऐसे खाएं या उससे कुछ नया बनाएं, हर बार उसका फ्लेवर दिल जीत लेता है. खासकर जब बात मिठाइयों की हो, तो आम से बनी रेसिपीज का कोई जवाब नहीं होता, अगर आप भी घर पर कुछ नया, आसान और जल्दी बनने वाला मीठा ट्राई करना चाहते हैं, तो मैंगो मलाई लड्डू आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन है. इस रेसिपी की सबसे खास बात ये है कि इसमें ज्यादा झंझट नहीं है और बहुत कम समय में शानदार मिठाई तैयार हो जाती है.
ना ज्यादा सामान चाहिए, ना ही कोई खास कुकिंग स्किल. बस कुछ बेसिक चीजें और थोड़ा सा टाइम, और आपके सामने तैयार होंगे मुलायम, क्रीमी और बेहद स्वादिष्ट लड्डू. ये मिठाई बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है और घर आए मेहमानों के लिए भी एक बढ़िया ऑप्शन बन सकती है, अगर आप रोज-रोज एक जैसी मिठाइयों से बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ अलग और फ्रेश ट्राई करें.
घर पर ऐसे बनाएं मैंगो मलाई लड्डू – आसान स्टेप्स में पूरी रेसिपी
जरूरी सामग्री
-पका हुआ आम का गूदा – 1 कप
-मावा या खोया – 1 कप
-कंडेंस्ड मिल्क – ½ कप
-इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
-घी – 1 चम्मच
-कटे हुए पिस्ता और बादाम – 2 चम्मच
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक कढ़ाही या पैन लें और उसे धीमी आंच पर गर्म करें. उसमें घी डालें और हल्का गर्म होने दें. अब इसमें मावा डालकर धीरे-धीरे भूनना शुरू करें. ध्यान रखें कि मावा जलने न पाए, इसलिए उसे लगातार चलाते रहें. जब मावा से खुशबू आने लगे और उसका रंग थोड़ा बदल जाए, तब समझ लें कि ये तैयार है. अब इसमें आम का गूदा डालें और अच्छे से मिक्स करें. कुछ मिनट तक इसे पकने दें ताकि दोनों चीजें अच्छे से मिल जाएं. इसके बाद इसमें कंडेंस्ड मिल्क डालें और लगातार चलाते रहें.
धीमी आंच पर इसे पकाते रहें जब तक मिश्रण गाढ़ा होकर पैन छोड़ने न लगे. जब ये एक जगह इकट्ठा होने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. जब ये हाथ लगाने लायक गुनगुना रह जाए, तब हाथों में थोड़ा घी लगाकर छोटे-छोटे लड्डू बना लें. ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम लगाकर सजाएं.
टेस्टी लड्डू बनाने के आसान टिप्स
हमेशा पका और मीठा आम ही इस्तेमाल करें, इससे स्वाद बढ़िया आता है. मिश्रण ज्यादा पतला न रखें, वरना लड्डू सेट नहीं होंगे. मावा को अच्छे से भूनना बहुत जरूरी है, तभी सही फ्लेवर आएगा. लड्डू बनाते समय हाथ में हल्का घी लगाने से शेप देना आसान हो जाता है.
क्यों ट्राई करें ये रेसिपी?
मैंगो मलाई लड्डू सिर्फ स्वाद में ही नहीं, बल्कि बनाने में भी आसान है. इसमें आम की ताजगी और मावा की क्रीमीनेस मिलकर ऐसा टेस्ट देती है जो हर किसी को पसंद आता है, अगर आप कुछ अलग और जल्दी बनने वाली मिठाई ढूंढ रहे हैं, तो ये रेसिपी जरूर ट्राई करें.