Mango Milk Peda Recipe : गर्मियों का मौसम हो और आम की बात न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. फलों का राजा आम हर घर की पहली पसंद होता है, लेकिन क्या आपने कभी ताजे आम और दूध के छेने से बनी कोई अनोखी मिठाई ट्राई की है? अगर नहीं, तो इस बार बाजार की मिलावटी और महंगी मिठाइयों को कहें अलविदा. आज हम आपके लिए लेकर आए हैं मुंह में घुल जाने वाले दानेदार मैंगो मिल्क पेड़ा की बेहद आसान रेसिपी. घर पर बने इस शुद्ध, रसीले और शाही स्वाद वाले पेड़े को खाकर हर कोई आपकी तारीफ करते नहीं थकेगा. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि.
सामग्री और बनाने की विधि (Ingredients & Recipe)
इस लाजवाब मैंगो मिल्क पेड़े को घर पर आसानी से बनाने के लिए आपको नीचे दी गई सामग्री और स्टेप-बाय-स्टेप विधि को फॉलो करना होगा.
आवश्यक सामग्री (Ingredients)
दूध (छेने के लिए): 1 लीटर
दूध (अतिरिक्त): आधा कप + एक चौथाई कप
पका हुआ आम: 1 मीडियम साइज (प्यूरी बना लें)
मिल्क पाउडर: 1 कप
चीनी: एक तिहाई कप
देसी घी: 1 टेबलस्पून
केसर: 1 चुटकी
सजावट के लिए: केसर के धागे और पिस्ता की कतरन
बनाने की विधि (Step-by-Step Method)
स्टेप 1: ताजा छेना तैयार करें
सबसे पहले 1 लीटर दूध को उबालें. उबाल आने पर गैस बंद कर दें और नींबू का रस या विनेगर डालकर दूध को फाड़ लें. जब छेना और पानी अलग हो जाए, तो इसे एक मलमल के कपड़े से छान लें. ऊपर से थोड़ा ठंडा पानी डालें ताकि खट्टापन निकल जाए. कपड़े को निचोड़कर सारा अतिरिक्त पानी निकाल दें. आपका ताजा और सॉफ्ट छेना तैयार है.
स्टेप 2: मैंगो और मिल्क पाउडर का बेस
एक पैन में 1 टेबलस्पून देसी घी गर्म करें. अब इसमें दूध और 1 कप मिल्क पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं ताकि कोई गांठ (lumps) न रहे. उधर मिक्सी में झेना, आम और चीनी को की प्यूरी बनाएं और इसे इस कढ़ाही में डालकर तबतक चलाएं जब तक कि ये गाढ़ा न हो जाए.
स्टेप 3: छेना और केसर का मिश्रण
जब आम का मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होने लगे तो 1 चुटकी केसर भी इसमें मिला दें. केसर से पेड़े का रंग और खुशबू दोनों ही बेहद शानदार हो जाते हैं.
स्टेप 4: डो की तरह पकाएं
अब इस पूरे मिश्रण को मध्यम से धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए तब तक भूनें, जब तक कि यह पैन का किनारा न छोड़ने लगे और एक दानेदार डो (मावे) की तरह इकट्ठा न हो जाए. जब मिश्रण गाढ़ा और सेट होने की स्थिति में आ जाए, तो गैस बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें.
स्टेप 5: पेड़े का आकार और सजावट
मिश्रण जब हल्का गुनगुना रह जाए, तब हाथों पर थोड़ा सा घी लगाकर इसके छोटे-छोटे 23 पेड़े तैयार कर लें. हर पेड़े के बीच में उंगली से हल्का सा गड्ढा करें और उसमें पिस्ता की कतरन व केसर का एक धागा लगाकर सजाएं.
लीजिए, बाजार से भी बेहतर और शुद्ध दानेदार मैंगो मिल्क पेड़ा तैयार है! इसे सेट होने के लिए थोड़ी देर फ्रिज में रखें और फिर ठंडी-ठंडी शाही मिठाई का आनंद लें.