Last Updated:
How to Make Matar Paneer: अगर आपको मटर पनीर खाना पसंद है और घर पर रेस्टोरेंट या ढाबा जैसा स्वाद पाना चाहते हैं तो यह आसान रेसिपी आपके बड़े काम आएगी. नरम पनीर, हरी मटर और मसालों से तैयार गाढ़ी और खुशबूदार ग्रेवी इसे बेहद स्वादिष्ट बनाती है. घर में मौजूद सामान्य सामग्री और मसालों से आप आसानी से स्वादिष्ट मटर पनीर तैयार कर सकते हैं. जानिए पनीर को नरम रखने से लेकर मसाले अच्छी तरह भूनने और मलाईदार ग्रेवी तैयार करने तक मजेदार मटर पनीर बनाने की आसान विधि.
खाने की थाली में गरमा-गरम मटर पनीर हो तो साधारण खाना भी खास लगने लगता है. नरम पनीर, हरी मटर और मसालों से तैयार गाढ़ी ग्रेवी का स्वाद ज्यादातर लोगों को पसंद आता है. अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास मौके का इंतजार करने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद सामान्य सामग्री से भी स्वादिष्ट मटर पनीर तैयार किया जा सकता है. इसे रोटी, नान, पराठे या जीरा राइस के साथ परोसें तो खाने का स्वाद और बढ़ जाता है.
रायबरेली के अरविंद कुमार बताते हैं कि मटर पनीर बनाने के लिए करीब 250 ग्राम पनीर, एक कप हरी मटर, 2-3 मध्यम आकार के टमाटर, एक प्याज, एक चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 1-2 हरी मिर्च और थोड़ा हरा धनिया लें. मसालों में आधा चम्मच हल्दी, एक चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच लाल मिर्च, आधा चम्मच गरम मसाला, एक चम्मच जीरा, एक तेजपत्ता और स्वादानुसार नमक रखें. ग्रेवी को थोड़ा मलाईदार बनाना चाहते हैं तो इसमें दो चम्मच फ्रेश क्रीम भी डाली जा सकती है.
मटर पनीर बनाने की शुरुआत पनीर से करें. पनीर को चौकोर टुकड़ों में काट लें. कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और पनीर के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक सेंक लें. ध्यान रखें कि पनीर को ज्यादा न तलें, वरना यह सख्त हो सकता है. हल्का सुनहरा होने के बाद पनीर को निकालकर अलग रख दें. अगर पनीर को नरम रखना चाहते हैं तो तले हुए टुकड़ों को कुछ मिनट के लिए हल्के गुनगुने पानी में भी रख सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब ग्रेवी तैयार करें. इसके लिए कड़ाही या कुकर में थोड़ा तेल गर्म करके उसमें जीरा और तेजपत्ता डालें. जीरा चटकने के बाद बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ देर पकाएं. अब इसमें टमाटर की प्यूरी या बारीक कटे टमाटर डालें. साथ ही हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर धीमी आंच पर पकाएं. मसाले को तब तक पकाना जरूरी है, जब तक वह अच्छी तरह भुन न जाए और तेल अलग दिखाई देने लगे. मसाले को जल्दी-जल्दी पकाने की बजाय थोड़ा समय देने से ग्रेवी का स्वाद अच्छा आता है.
मसाला अच्छी तरह भुन जाए तो इसमें हरी मटर डालें और कुछ मिनट तक पकाएं. इसके बाद करीब डेढ़ से दो कप गर्म पानी डालकर ढक दें. मटर को धीमी आंच पर करीब 8-10 मिनट तक पकने दें, ताकि वह अच्छी तरह नरम हो जाए. मटर पकने के बाद इसमें पहले से तैयार किए हुए पनीर के टुकड़े डालें और धीमी आंच पर करीब 3-4 मिनट तक पकाएं. इस दौरान पनीर ग्रेवी का स्वाद अच्छी तरह सोख लेगा.
अब आखिर में गरम मसाला और कसूरी मेथी डालकर अच्छी तरह मिला दें. अगर आपको ग्रेवी थोड़ी मलाईदार पसंद है तो इसमें दो चम्मच फ्रेश क्रीम डाल सकते हैं. क्रीम डालने के बाद इसे ज्यादा देर तक तेज आंच पर पकाने की जरूरत नहीं है. कुछ देर धीमी आंच पर पकाने से ग्रेवी का स्वाद और खुशबू अच्छी तरह मिल जाती है. इस तरह तैयार मटर पनीर का स्वाद घर पर ही ढाबा या रेस्टोरेंट जैसा महसूस हो सकता है.
मटर पनीर तैयार होने के बाद ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें. इसे गरमा-गरम रोटी, नान, पराठे या जीरा राइस के साथ परोस सकते हैं. स्वाद को और बढ़ाने के लिए ऊपर से थोड़ा मक्खन या क्रीम भी डाली जा सकती है. अगर घर में मेहमान आने वाले हैं तो इसे पहले तैयार करके खाने के समय हल्का गर्म कर लें. इससे ग्रेवी का स्वाद और मसालों की खुशबू अच्छी तरह बनी रहती है और मटर पनीर खाने में और भी स्वादिष्ट लगता है.