Last Updated:
Samosa Recipe in Hindi: जब भी खुशी का कोई मौका होता है, लोग तुरंत बाजार से समोसे मंगा लेते हैं. अगर आप बाजार की चीजें अवॉइड करते हैं, तो घर पर आसान रेसिपी अपनाकर बाजार जैसे कुरकुरे और स्वादिष्ट समोसे बना सकते हैं. एक बार आप घर पर इस विधि से समोसे बनाएंगे, तो खाने वाले लोग उंगलियां चाटते रह जाएंगे.
घर पर आप आसानी से कुरकुरे समोसे बना सकते हैं.
Homemade Samosa Recipe: समोसा भारत में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला स्नैक है. अक्सर लोग चाय के साथ समोसा खाना पसंद करते हैं. देशभर में आपको समोसा आसानी से मिल जाएगी. ग्रामीण इलाकों में भी आपको समोसे की कई दुकानें देखने को मिल जाएंगी. समोसा सस्ता होता है और इसे खाने के बाद कई घंटों तक भूख नहीं लगती है. खुशियों के मौके पर भी लोग समोसा पार्टी कर लेते हैं. बाजार में मिलने वाले कुरकुरे समोसे का स्वाद हर किसी को पसंद होता है, लेकिन कई लोग सोचते हैं कि घर पर वैसा परफेक्ट स्वाद बनाना मुश्किल है. अगर आप ऐसा सोचते हैं, तो पूरी तरह गलत हैं. आप घर पर भी आसान रेसिपी से कुरकुरे समोसे बना सकते हैं. चलिए इसकी आसान रेसिपी जान लेते हैं.
सबसे पहले समोसे का आटा करें तैयार
सबसे पहले समोसे का आटा तैयार करना होगा. इसके लिए एक बर्तन में मैदा लें, उसमें थोड़ा नमक और अजवाइन मिलाएं. अब इसमें 2-3 चम्मच तेल डालकर अच्छे से मिक्स करें. फिर धीरे-धीरे पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा नरम न हो, क्योंकि इससे समोसे कुरकुरे नहीं बनेंगे. आटा गूंथने के बाद इसे ढककर 15-20 मिनट के लिए रख दें.
दूसरे स्टेप में समोसे की स्टफिंग बनाएं
अब बारी आती है भरावन यानी स्टफिंग तैयार करने की. इसके लिए उबले हुए आलू को मैश करें. एक कढ़ाही में थोड़ा तेल गरम करें, उसमें जीरा, अदरक, हरी मिर्च डालें और हल्का भून लें. फिर इसमें उबले आलू, नमक, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, अमचूर और गरम मसाला डालकर अच्छे से मिक्स करें. अंत में हरा धनिया डालकर भरावन को ठंडा होने के लिए रख दें.
आखिरी स्टेप में समोसा बनाकर करें फ्राई
अब आटे की लोइयां बनाकर उन्हें बेल लें और बीच से काटकर दो हिस्से कर लें. हर हिस्से को कोन का आकार दें और उसमें तैयार भरावन भरें. किनारों पर हल्का पानी लगाकर अच्छी तरह सील कर दें, ताकि तलते समय समोसा खुले नहीं. इसी तरह सभी समोसे तैयार कर लें. अब कढ़ाही में तेल गरम करें. मध्यम आंच पर समोसों को धीरे-धीरे तलें. समोसों को हल्की आंच पर तलने से वे अंदर तक अच्छे से पकते हैं और बाहर से सुनहरे और कुरकुरे बनते हैं. जब समोसे सुनहरे भूरे रंग के हो जाएं, तो उन्हें निकाल लें. जब तक समोसे ठंडे हों, तब तक आप इसकी चटनी बना लें.
चटनी के साथ सर्व करें कुरकुरे समोसे
गरमा-गरम समोसे को हरी चटनी या इमली की चटनी के साथ परोसें. इनका स्वाद इतना लाजवाब होगा कि घर के सभी लोग आपकी तारीफ करेंगे और बार-बार खाने की फरमाइश करेंगे. थोड़ी सी मेहनत और सही तकनीक से आप घर पर भी बाजार जैसे कुरकुरे समोसे बना सकते हैं. साफ-सुथरे तरीके से बने ये समोसे न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि सेहत के लिए भी बाहर के मुकाबले बेहतर होते हैं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें