Masoor Dal Kofta Recipe: कभी-कभी लंच या डिनर के वक्त रसोई में नजर दौड़ाने पर कोई ढंग की सब्जी नहीं मिलती. ऐसे में वही सवाल सामने आता है- आज खाने में आखिर क्या बनाया जाए? अगर आपके किचन में मसूर दाल रखी है तो इस सवाल का जवाब काफी आसान है. दाल को सिर्फ साधारण तरीके से बनाने के बजाय आप इससे स्वादिष्ट और मसालेदार कोफ्ते तैयार कर सकते हैं. खास बात यह है कि इसके लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत भी नहीं पड़ती. अदरक, हरी मिर्च, धनिया और कुछ मसालों के साथ तैयार ये कोफ्ते टमाटर की चटपटी ग्रेवी में खूब स्वादिष्ट लगते हैं. इन्हें रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है.
मसूर दाल के कोफ्ते बनाने के लिए सामग्री
कोफ्ते तैयार करने के लिए आपको डेढ़ कप मसूर दाल, 2 छोटे चम्मच बारीक कटा अदरक, 1 बारीक कटी हरी मिर्च, 2 बड़े चम्मच हरा धनिया, 2-3 बड़े चम्मच बेसन, 1 छोटा चम्मच हल्का कुचला हुआ अनारदाना और 1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर चाहिए. नमक स्वादानुसार रखें. ग्रेवी के लिए 3 मीडियम टमाटर की प्यूरी, डेढ़ कप छोटे प्याज, 1 छोटा चम्मच अजवाइन, 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1 बड़ा चम्मच सांभर मसाला, 2 कप गर्म पानी और 1 बड़ा चम्मच देसी घी या तेल लें.
ऐसे तैयार करें मसूर दाल के कोफ्ते
दाल का मिश्रण तैयार करें
सबसे पहले मसूर दाल को धोकर रातभर पानी में भिगो दें. समय कम हो तो 2-3 घंटे भिगोना भी पर्याप्त रहेगा. दाल फूलने के बाद इसका पानी निकालें और मिक्सर में डालकर थोड़ा पानी मिलाते हुए दरदरा पीस लें. इसे बिल्कुल महीन पेस्ट न बनाएं, क्योंकि हल्का दानेदार मिश्रण कोफ्तों को अच्छा टेक्सचर देता है. अब दाल को एक बाउल में निकालकर इसमें अदरक, हरी मिर्च, धनिया, भुना जीरा, अनारदाना, नमक और बेसन डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर छोटे-छोटे कोफ्ते बना लें.
(इमेज AI)
कोफ्तों को दें सुनहरा रंग
कड़ाही में तेल गर्म करें और कोफ्तों को मीडियम आंच पर सुनहरा होने तक तल लें. बाहर से हल्के क्रिस्पी और अंदर से नरम होने पर इन्हें निकाल लें. अगर आप ज्यादा तेल से बचना चाहते हैं तो एयर फ्रायर का विकल्प भी इस्तेमाल कर सकते हैं. कोफ्तों पर थोड़ा तेल ब्रश करके उन्हें एयर फ्राई किया जा सकता है.
अब बनाएं मसालेदार ग्रेवी
ग्रेवी के लिए कड़ाही में घी या तेल गर्म करें. इसमें अजवाइन डालकर चटकाएं और फिर टमाटर की प्यूरी डालें. कुछ मिनट पकाने के बाद कश्मीरी लाल मिर्च, सांभर मसाला और नमक डालें. मसालों को तब तक भूनें जब तक मिश्रण से तेल अलग दिखाई देने लगे. इसके बाद छोटे प्याज डालकर करीब 2 मिनट भूनें. अब गर्म पानी डालें और कड़ाही को ढककर 3-4 मिनट पकाएं, ताकि प्याज नरम हो जाएं. आखिर में तैयार कोफ्तों को ग्रेवी में डालकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट पकाएं. इससे कोफ्ते ग्रेवी का स्वाद अच्छी तरह सोख लेंगे.
स्वाद बढ़ाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
मसूर दाल को बहुत बारीक पीसने से कोफ्ते ज्यादा नरम हो सकते हैं, इसलिए इसे दरदरा रखना बेहतर है. मिश्रण ढीला लगे तो थोड़ा बेसन बढ़ाया जा सकता है. कोफ्तों को ग्रेवी में बहुत देर पहले डालकर न रखें, वरना वे ज्यादा गल सकते हैं. सांभर मसाले की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं.