Beetroot Halwa Recipe : अगर चुकंदर का नाम सुनते ही आपका मन खट्टा हो जाता है, तो अब अपनी सोच बदलने का समय आ गया है. जब पोषक तत्वों से भरपूर इस सब्ज़ी का स्वादिष्ट हलवा बनाया जाता है, तो यह बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पसंद आता है. देसी घी, दूध और ड्राई फ्रूट्स से बना चुकंदर का हलवा स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है. इसे बनाना बहुत आसान है और यह सिर्फ़ 30-40 मिनट में तैयार हो जाता है.
चुकंदर का हलवा बनाने के लिए सामग्री
2 मध्यम आकार के चुकंदर, 2 कप फुल-क्रीम दूध, 2 बड़े चम्मच देसी घी, 4-5 बड़े चम्मच चीनी, ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 8-10 काजू, 8-10 बादाम, 10-12 मेवे, सजावट के लिए पिस्ता.
आसानी से बनाने का तरीका
चुकंदर का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले, चुकंदर को अच्छी तरह धोकर, छीलकर कद्दूकस कर लें. एक पैन में थोड़ा देसी घी गरम करें और कद्दूकस किए हुए चुकंदर को 5-7 मिनट तक भूनें, इससे उसका कच्चापन दूर हो जाता है.
इसके बाद, चुकंदर में दूध डालें और मध्यम आंच पर पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि मिश्रण पैन में चिपके नहीं. जब दूध काफी हद तक सूख जाए, तो चीनी और इलायची पाउडर डालें. चीनी घुलने के बाद, मिश्रण को 5-7 मिनट और पकाएं.
अब, कटे हुए काजू और बादाम डालें. जब हलवा गाढ़ा हो जाए और घी छोड़ने लगे, तो आंच बंद कर दें. पिस्ते से सजाकर गरमा-गरम परोसें.
चुकंदर खाने के फायदे
चुकंदर में कई तरह के पोषक तत्व होते हैं जैसे फाइबर, फोलेट, आयरन, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट. संतुलित आहार के हिस्से के रूप में इसका सेवन शरीर को ज़रूरी पोषण देने में मदद कर सकता है. हालांकि, किसी खास बीमारी के इलाज या स्वास्थ्य लाभ के लिए सिर्फ़ चुकंदर पर ही निर्भर नहीं रहना चाहिए.
( Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है. ये सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए न्यूज-18 जिम्मेदार नहीं रहेगा.