Last Updated:

Tinda Sabji Recipe: बिना प्याज-लहसुन के भी अगर टिंडे की सब्जी को मसालेदार और लजीज बनाना चाहते हैं, तो यह आसान देसी रेसिपी जरूर आजमाएं. टमाटर, हरी मिर्च और चुनिंदा मसालों के साथ तैयार यह सब्जी स्वाद में रेस्टोरेंट जैसी लगेगी और रोटी, पराठे या चावल के साथ खूब जचेगी.

धौलपुर. रसोई में रोज कुछ स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाने की इच्छा रहती है, अगर बिना प्याज-लहसुन के कोई ऐसी सब्जी बनाना चाहते हैं, जो स्वाद में रेस्टोरेंट जैसी लगे, तो देसी टिंडे की सब्जी एक अच्छी सब्जी है. इसे कम सामग्री में आसानी से घर पर तैयार किया जा सकता है. खास बात यह है कि यह सब्जी बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आ सकती है. गृहिणी प्रभा शर्मा बताती हैं कि टिंडे की सब्जी बनाना बहुत आसान है, इसे बिना प्याज-लहसुन के भी मसालेदार और स्वादिष्ट बनाया जा सकता है. इसके लिए सबसे पहले टिंडों को अच्छी तरह पानी से धो लें, ताकि उनके ऊपर लगी मिट्टी पूरी तरह साफ हो जाए.

इसके बाद टिंडों के छिलके उतारकर उन्हें बड़े टुकड़ों में काट लें. अब टमाटर और हरी मिर्च को काटकर उनका पेस्ट तैयार कर लें. इसके बाद गैस पर कढ़ाई रखें और उसमें सरसों का तेल डालें. तेल गर्म होने पर उसमें जीरा डालें, जीरा चटकने के बाद टमाटर और हरी मिर्च का तैयार पेस्ट डालकर अच्छी तरह पकाएं. जब टमाटर और हरी मिर्च का पेस्ट अच्छी तरह पकने लगे तो इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी, स्वादानुसार नमक, गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें. सभी मसालों को अच्छी तरह भूनें। जब मसाला तेल छोड़ने लगे तो इसमें कटे हुए टिंडे डाल दें और मसाले के साथ अच्छी तरह मिला लें.

इसके बाद कढ़ाई को ढककर टिंडों को धीमी आंच पर करीब 10 से 15 मिनट तक पकाएं. सब्जी को हर कुछ मिनट में चलाते रहें, ताकि टिंडे कढ़ाई में चिपकें या जलें नहीं. टिंडे नरम हो जाएं और मसाला अच्छी तरह मिल जाए तो गैस बंद कर दें. अंत में ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें। इस तरह बिना प्याज-लहसुन के मसालेदार देसी टिंडे की सब्जी तैयार हो जाएगी. इसे गरमागरम रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है, कम समय और कम सामग्री में बनने वाली यह सब्जी स्वाद के साथ घर के खाने में अच्छा विकल्प बन सकती है.

About the Author

Monali Paul

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment