Last Updated:
Dahi Mutton Perfect Recipe: घर पर मटन बनाते समय छोटी-छोटी गलतियां स्वाद बिगाड़ देती हैं, जिसमें सबसे जरूरी है तेल की मात्रा. कुछ टिप्स फॉलो करेंगे तो हर बार परफेक्ट मटन तैयार होगा और बिलकुल बाहर वाला स्वाद देगा. इसमें दही का मैरिनेशन भी जरूरी स्टेप है.
जमशेदपुर. मटन खाने का शौक रखने वालों की कमी नहीं है. शायद ही कोई नॉन-वेजिटेरियन हो जिसे स्वादिष्ट मटन करी पसंद न हो. लेकिन कई बार घर पर मटन बनाते समय स्वाद वैसा नहीं आ पाता जैसा होटल या ढाबे में मिलता है – कभी मसाला ज्यादा हो जाता है तो कभी तेल. ऐसे में सही मात्रा और सही विधि बेहद जरूरी हो जाती है. आज हम आपको 1 किलो मटन को परफेक्ट तरीके से बनाने की आसान और संतुलित रेसिपी बता रहे हैं, जिससे आपका मटन हर बार स्वादिष्ट बनेगा.
मैरिनेशन बहुत जरूरी है
सबसे पहले मटन को अच्छी तरह साफ पानी से धो लें. ध्यान रखें कि मटन के पीस न ज्यादा बड़े हों और न बहुत छोटे- स्टैंडर्ड साइज में कटे होने चाहिए, जिससे वह समान रूप से पक सके. इसके बाद मटन को मैरिनेट करना बेहद जरूरी होता है. एक बर्तन में मटन लें और उसमें हल्दी, नमक, थोड़ा सरसों का तेल और दही डालकर अच्छे से मिलाएं. इसे कम से कम 1 घंटे के लिए ढककर रख दें ताकि मसाले मटन के अंदर तक अच्छे से समा जाएं.
कम तेल है बेहद जरूरी
अब कढ़ाई को गैस पर रखें और उसमें तेल गर्म करें. ध्यान रखें कि तेल ज्यादा न डालें, क्योंकि मटन में खुद की चर्बी होती है जिससे भी तेल निकलता है. जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालें और उसे सुनहरा भूरा होने तक अच्छी तरह भूनें. इसके बाद मैरिनेट किया हुआ मटन कढ़ाई में डालें और तेज आंच पर चलाते हुए भूनें.
मसालों के साथ धीमी आंच पर देर तक भूनें
अब इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. साथ ही अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और मसालों के साथ मटन को तब तक भूनें जब तक उसमें से खुशबू न आने लगे. इसके बाद साबुत गरम मसाले जैसे तेजपत्ता, दालचीनी, इलायची और सूखी लाल मिर्च डालें.
चलाते रहें मटन, वरना तले पर लग जाएगा
अब इसमें कटे हुए टमाटर डालें और तब तक पकाएं जब तक टमाटर अच्छी तरह गल न जाएं और मसाला तेल छोड़ने न लगे. इसके बाद कढ़ाई को ढक दें और धीमी आंच पर मटन को पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि मटन नीचे चिपके नहीं. जरूरत लगे तो थोड़ा पानी भी डाल सकते हैं.
जब मटन पूरी तरह गल जाए और ग्रेवी गाढ़ी हो जाए, तब ऊपर से गरम मसाला और हरा धनिया डालें. आपका स्वादिष्ट दही वाला मटन तैयार है. इसे रोटी, चावल या पराठे के साथ परोसें और लाजवाब स्वाद का आनंद लें.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें