Nadde Kebab Recipe: रोज-रोज एक जैसी आलू की सब्जी या टिक्की खाकर अगर आप भी कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो नागपुर का मशहूर नड्डे कबाब आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है. इस अनोखे स्ट्रीट फूड का नाम भले ही कम लोगों ने सुना हो, लेकिन जिसने एक बार इसका स्वाद चख लिया, वह इसे दोबारा जरूर बनाना चाहता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए महंगी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. उबले आलू, प्याज, टमाटर, कुछ मसाले और चटनी मिलाकर तैयार होने वाली यह डिश स्वाद में इतनी शानदार होती है कि बच्चों से लेकर बड़े तक सभी इसे पसंद करते हैं.

ऊपर से दही, सेव और मीठी-तीखी चटनी का मेल इसे और भी खास बना देता है, अगर घर आए मेहमानों को कुछ अलग और झटपट परोसना हो या शाम की हल्की भूख मिटानी हो, तो यह रेसिपी आपके किचन में आसानी से बन सकती है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर भी यह रेसिपी तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे घर पर बनाकर अपना अनुभव साझा कर रहे हैं.

क्या है नागपुर का मशहूर नड्डे कबाब?
नड्डे कबाब नागपुर का एक लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है, जिसे उबले आलू से तैयार किया जाता है. यह पारंपरिक कबाब से बिल्कुल अलग होता है. इसमें आलू के अंदर चटपटा मसाला भरा जाता है और फिर इसे दही, सेव और अलग-अलग चटनियों के साथ परोसा जाता है. इसका स्वाद एक साथ खट्टा, मीठा और तीखा होता है, जो हर उम्र के लोगों को पसंद आता है.

घर पर बनाने के लिए चाहिए ये सामग्री
इस रेसिपी के लिए आपको ज्यादा तैयारी करने की जरूरत नहीं है. सामान्य रसोई में मौजूद सामग्री से ही इसे बनाया जा सकता है.

सामग्री
1. 4 उबले आलू
2. 1 बारीक कटा प्याज
3. 1 बारीक कटा टमाटर
4. धनिया-पुदीना की चटनी
5. बारीक कटा हरा धनिया
6. चाट मसाला
8. भुना जीरा पाउडर
9. काली मिर्च पाउडर
10. काला नमक
11. सेंधा नमक
12. साधारण नमक
13. पानी-पूरी वाला खट्टा पानी
14. फेंटा हुआ दही
15. बारीक सेव
16. खजूर-इमली की मीठी चटनी
17. हरी मिर्च की चटनी

ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट नड्डे कबाब
सबसे पहले उबले हुए आलू को छील लें और उन्हें हल्का दबाकर बीच से जगह बना लें. अब एक बाउल में प्याज, टमाटर, धनिया-पुदीना की चटनी, हरा धनिया, चाट मसाला, भुना जीरा, काली मिर्च, तीनों तरह का नमक और थोड़ा सा पानी-पूरी वाला खट्टा पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस तैयार मसाले को आलू के अंदर भर दें. ध्यान रखें कि मसाला दोनों तरफ अच्छी तरह भर जाए ताकि हर बाइट में भरपूर स्वाद मिले.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

दही और चटनियों से बढ़ जाएगा स्वाद
अब तैयार आलू को एक प्लेट में रखें. ऊपर से फेंटा हुआ दही डालें और फिर बारीक सेव बिखेर दें. इसके बाद खजूर-इमली की मीठी चटनी और हरी मिर्च की तीखी चटनी डालें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और हरा धनिया भी छिड़क सकते हैं. यही वह स्टेप है जो इस रेसिपी को खास बनाता है. दही की ठंडक, सेव का कुरकुरापन और चटनियों का स्वाद मिलकर इसे शानदार बना देते हैं.

शाम की भूख के लिए है शानदार विकल्प
अगर शाम के समय कुछ हल्का लेकिन स्वादिष्ट खाने का मन हो, तो यह रेसिपी बेहतरीन साबित हो सकती है. इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और यह बच्चों के टिफिन या छोटी पार्टी के स्नैक के रूप में भी परोसी जा सकती है. आजकल कई लोग घर पर स्ट्रीट फूड बनाने की कोशिश करते हैं ताकि बाहर जैसा स्वाद भी मिले और सफाई की चिंता भी न रहे. ऐसे में नड्डे कबाब एक अच्छा विकल्प बनकर सामने आता है.

सोशल मीडिया पर क्यों हो रही है इतनी चर्चा?
फूड क्रिएटर्स लगातार अलग-अलग शहरों के मशहूर स्ट्रीट फूड लोगों तक पहुंचा रहे हैं. नागपुर का नड्डे कबाब भी इन्हीं में से एक है. इसकी आसान रेसिपी, कम खर्च और शानदार स्वाद के कारण यह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो रही है. लोग इसे अपने अंदाज में बनाकर नई-नई वैरायटी भी तैयार कर रहे हैं. अगर आप भी हर सप्ताह नई रेसिपी ट्राई करना पसंद करते हैं, तो इस बार नागपुर की इस खास डिश को जरूर आजमाएं. यकीन मानिए, एक बार बनाने के बाद यह आपकी पसंदीदा स्नैक रेसिपी में शामिल हो सकती है.



Source link

Write A Comment