Last Updated:
Lemon Peel Chutney Recipe: रेसिपी स्पेशल में आज जानिए नींबू के छिलकों से बनने वाली अनोखी चटनी की आसान विधि. यह चटनी न केवल खाने का स्वाद बढ़ाती है, बल्कि नींबू के छिलकों का बेहतर उपयोग करने का भी शानदार तरीका है. गुड़, काला नमक, जीरा और अन्य मसालों से तैयार यह चटनी खट्टी-मीठी और चटपटी होती है. सही तरीके से तैयार कर एयरटाइट मर्तबान में रखने पर इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है और विभिन्न स्नैक्स के साथ परोसा जा सकता है.
खाने के साथ चटनी खाना लगभग सभी को पसंद होता है. चटनी न सिर्फ भोजन का स्वाद बढ़ाती है, बल्कि साधारण खाने को भी खास बना देती है. आज रेसिपी स्पेशल में हम आपको एक ऐसी अनोखी चटनी के बारे में बताएंगे, जिसे शायद आपने पहले कभी नहीं चखा होगा. हम बात कर रहे हैं नींबू के छिलकों से बनने वाली स्वादिष्ट चटनी की. आमतौर पर लोग नींबू का रस इस्तेमाल करने के बाद उसके छिलकों को फेंक देते हैं, लेकिन इन्हीं छिलकों से एक बेहतरीन और जायकेदार चटनी तैयार की जा सकती है. यह चटनी स्वाद के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है.
फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने कहा कि नींबू के छिलके की चटनी बनाना बहुत आसान है. इसका स्वाद भी बहुत लाजवाब होता है. यह चटनी किसी भी सब्जी या केवल रोटी के साथ भी खाई जा सकती है. इसे बनाने के लिए अधिक सामग्री की भी जरूरत नहीं पड़ती है. कुछ आसन स्टेप अपनाकर आप इसे आसानी से बना सकते हैं. तो आइए जानते हैं नींबू के छिलके की चटनी बनाने की आसान विधि.
चटनी बनाने के लिए नींबू के छिलके (जिनमें थोड़ा गूदा लगा हो) 250 ग्राम, गुड़ 300 से 350 ग्राम (बारीक कद्दूकस किया हुआ), काला नमक 1 छोटा चम्मच, सादा नमक 1 छोटा चम्मच या स्वादानुसार, भुना जीरा पाउडर 1 बड़ा चम्मच, लाल मिर्च पाउडर 1 से 1½ छोटा चम्मच (रंग के लिए कश्मीरी लाल मिर्च का उपयोग कर सकते हैं), अजवाइन 1 छोटा चम्मच और हींग ½ छोटा चम्मच. इन सभी सामग्री की मदद से स्वादिष्ट और चटपटी नींबू के छिलकों की चटनी तैयार की जा सकती है. यह चटनी खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ नींबू के छिलकों का बेहतर उपयोग करने का भी शानदार तरीका है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने बताया कि नींबू के छिलके की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले नींबू के कटे हुए छिलकों को एक साफ कांच के जार में डालकर उसमें सादा नमक और थोड़ी-सी हल्दी मिलाएं. इसके बाद जार का ढक्कन अच्छी तरह बंद कर दें और इसे 7 से 10 दिनों तक धूप में रखें. इस दौरान रोजाना एक बार जार को हिलाते रहें, ताकि सभी छिलके समान रूप से गलकर मुलायम हो जाए.
जब नींबू के छिलके पूरी तरह नरम हो जाएं, तो उन्हें मिक्सर में हल्का दरदरा पीस लें. इसके बाद एक भारी तले की कड़ाही में पिसे हुए छिलके और कद्दूकस किया हुआ गुड़ डालें. ध्यान रखें कि इस प्रक्रिया में लोहे की कड़ाही का उपयोग न करें. अब मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं, ताकि गुड़ पूरी तरह पिघलकर छिलकों के साथ अच्छी तरह मिल जाए. बीच-बीच में चलाते रहें, जिससे मिश्रण कड़ाही में चिपके नहीं और चटनी का स्वाद व बनावट बेहतर बनी रहे.
इसके बाद गुड़ के पूरी तरह घुल जाने पर इसमें काला नमक, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और चुटकीभर हींग मिलाएं. फिर सभी मसालों को अच्छी तरह मिलाते हुए मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक वह गाढ़ा न हो जाए और उसमें हल्की चमक न आने लगे. इसके बाद चाशनी को जरूरत से ज्यादा सख्त न होने दें.
जब मिश्रण अच्छी तरह पककर तैयार हो जाए, तब गैस बंद कर दें और इसे पूरी तरह ठंडा होने के लिए छोड़ दें. ठंडा होने के बाद चटनी को कांच या चीनी मिट्टी के साफ, सूखे और एयरटाइट मर्तबान में भरकर सुरक्षित रख लें. कुछ समय बाद यह चटनी जेली जैसी गाढ़ी और स्वादिष्ट बन जाती है. नींबू के छिलकों, गुड़ और मसालों से तैयार यह चटनी स्वाद में खट्टी-मीठी और चटपटी होती है. इसे पूरी, पराठे, मठरी, खाखरा, नमकीन या अन्य स्नैक्स के साथ परोसा जा सकता है. सही तरीके से रखने पर इसका स्वाद लंबे समय तक बना रहता है.