Himachali Patrodu Recipe: बरसात शुरू होते ही लोगों का मन कुछ अलग, देसी और गर्मागर्म खाने का करने लगता है. ऐसे मौसम में अगर पहाड़ों की कोई पारंपरिक डिश घर पर बन जाए तो स्वाद भी दोगुना हो जाता है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की रसोई में बनने वाला पतरोडू इन दिनों सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में है. अरबी के पत्तों, बेसन और मसालों से तैयार होने वाला यह स्नैक स्वाद के साथ सेहत का भी शानदार मेल माना जाता है.

पहाड़ी इलाकों में अक्सर बारिश के मौसम में परिवार के लोग साथ बैठकर पतरोडू बनाते हैं. कई घरों में यह सिर्फ खाना नहीं बल्कि एक तरह की परंपरा भी है. बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम यह डिश चाय के साथ ऐसा स्वाद देती है कि लोग बार-बार मांगते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा महंगी सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती.

मुख्य सामग्री:
अरबी या कचालू के ताजे और बड़े पत्ते (डंठल हटाए हुए)
बेसन (2 कप) और चावल का आटा (1 कप) – चावल के आटे से पतरोडू कुरकुरे बनते हैं

मसाले:
नमक – स्वादानुसार
हल्दी – आधा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 चम्मच
धनिया पाउडर – 1 चम्मच
गरम मसाला – आधा चम्मच
अजवाइन (पाचन के लिए) – आधा चम्मच

अन्य सामग्री: लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, प्याज का पेस्ट या कटे हुए प्याज

क्या होता है पतरोडू और क्यों है इतना खास
पतरोडू को कुछ जगहों पर पतरोड़े या पत्रोडे भी कहा जाता है. यह मुख्य रूप से अरबी यानी कचालू के बड़े पत्तों से तैयार किया जाता है. इन पत्तों पर मसालेदार बेसन का लेप लगाया जाता है, फिर इन्हें रोल करके भाप में पकाया जाता है. पहाड़ी इलाकों में यह डिश सालों से बनाई जाती रही है. पहले गांवों में महिलाएं खेतों से ताजे पत्ते तोड़कर लाती थीं और लकड़ी के चूल्हे पर इसे पकाया जाता था. अब यही पारंपरिक स्वाद शहरों तक पहुंच चुका है. फूड ब्लॉग्स और यूट्यूब पर भी लोग इसकी रेसिपी खूब खोज रहे हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

कुरकुरापन बढ़ाता है चावल का आटा
पतरोडू की खासियत उसका टेक्सचर होता है. बेसन के साथ अगर थोड़ा चावल का आटा मिला दिया जाए तो यह ज्यादा कुरकुरा बनता है. इसी वजह से कई पहाड़ी परिवार इसे बनाते समय बेसन और चावल के आटे का कॉम्बिनेशन इस्तेमाल करते हैं. इसके अलावा अजवाइन, अदरक और लहसुन जैसी चीजें न सिर्फ स्वाद बढ़ाती हैं बल्कि पाचन में भी मदद करती हैं. यही कारण है कि इसे भारी स्नैक होने के बावजूद लोग आराम से खा लेते हैं.

ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट पतरोडू
-सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन और चावल का आटा लें. इसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला और अजवाइन डालें. अब अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट मिलाकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें.

-अब अरबी के पत्तों को साफ करके उनका मोटा डंठल हटा दें. एक पत्ता फैलाकर उसके ऊपर बेसन का लेप लगाएं. इसी तरह तीन से चार पत्तों की परत बनाएं. फिर किनारों को मोड़ते हुए इसे टाइट रोल कर लें.

-इसके बाद इन रोल्स को स्टीमर या प्रेशर कुकर में करीब 15 से 20 मिनट तक भाप में पकाएं. पकने के बाद इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें और गोल स्लाइस में काट लें.

फ्राई करने पर बढ़ जाता है स्वाद
-कई लोग पतरोडू को स्टीम करने के बाद सीधे खाते हैं, लेकिन हल्का फ्राई करने पर इसका स्वाद और भी शानदार हो जाता है. सरसों के तेल में जीरा, हींग और साबुत धनिया डालकर जब इन स्लाइस को हल्का सुनहरा किया जाता है तो इसकी खुशबू पूरे घर में फैल जाती है.

-इसे इमली की मीठी चटनी, पुदीने की चटनी या गर्म चाय के साथ परोसा जाए तो स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. कुछ लोग इसे लस्सी और रोटी के साथ भी खाना पसंद करते हैं.

सेहत के लिए भी फायदेमंद
पतरोडू सिर्फ स्वादिष्ट नहीं बल्कि पौष्टिक भी माना जाता है. अरबी के पत्तों में आयरन और फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है. वहीं बेसन प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है. कम तेल में बनने की वजह से यह बाजार के तले स्नैक्स से बेहतर विकल्प बन जाता है.



Source link

Write A Comment