Thekua Recipe: बिहार की पारंपरिक मिठाई ‘ठेकुआ’ एक बार फिर चर्चा में है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया के स्पीकर को बिहार का मशहूर ठेकुआ भेंट करके इसे वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई. छठ के महापर्व से जुड़ी इस खास मिठाई के स्वाद और सादगी को लोग बहुत पसंद करते हैं. अगर आप भी घर पर इस बिहारी व्यंजन का आनंद लेना चाहते हैं, तो यहां इसकी आसान रेसिपी दी गई है…

ठेकुआ की क्या खासियत है?
ठेकुआ बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश का एक पारंपरिक पकवान है. इसे मुख्य रूप से छठ पूजा के दौरान प्रसाद के तौर पर बनाया जाता है. गेहूं के आटे, गुड़ और घी से बनी यह मिठाई लंबे समय तक खराब नहीं होती और खाने में बहुत स्वादिष्ट लगती है.

ठेकुआ बनाने के लिए सामग्री
2 कप गेहूं का आटा, 1 कप गुड़ (या स्वादानुसार चीनी), ½ कप घी, 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 2 बड़े चम्मच भुना हुआ सूखा नारियल, 1 बड़ा चम्मच सौंफ, पानी, और तलने के लिए घी या तेल.

आसानी से बनाने का तरीका

-ठेकुआ बनाने के लिए सबसे पहले, एक बर्तन में थोड़े गुनगुने पानी में गुड़ घोल लें. इसके बाद, एक बड़े कटोरे में गेहूं का आटा, घी, इलायची पाउडर, सौंफ और नारियल को अच्छी तरह मिला लें.

-फिर, धीरे-धीरे गुड़ का घोल इस मिश्रण में मिलाएं और इसे सख्त गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा बहुत नरम न हो. अब, आटे की छोटी-छोटी लोइयां लें, उनसे गोले बनाएं और डिज़ाइन बनाने के लिए उन्हें हल्के से दबाएं. पारंपरिक ठेकुआ पर अक्सर एक खास सांचे का इस्तेमाल करके सुंदर डिज़ाइन बनाए जाते हैं.

-एक कड़ाही में घी या तेल गरम करें और ठेकुआ को मध्यम आंच पर सुनहरा भूरा होने तक तलें. अच्छी तरह पकने के बाद, ठेकुआ को ठंडा होने दें.

ठेकुआ क्यों लोकप्रिय है?
ठेकुआ न सिर्फ़ स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसे बनाने के लिए ज़्यादा सामग्री की भी ज़रूरत नहीं पड़ती. यह लंबे समय तक ताज़ा रहता है, इसलिए यात्रा के दौरान भी इसे पसंद किया जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

( Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है. ये सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए न्यूज-18 जिम्मेदार नहीं रहेगा.



Source link

Write A Comment