Last Updated:

नाश्ते में कुछ झटपट और स्वादिष्ट बनाना है तो दही-सूजी का क्रिस्पी उत्तपम ट्राई करें. इसे बनाने के लिए न चावल भिगोने की जरूरत है और न ही दाल का बैटर तैयार करना होगा. कुछ आसान चीजों से यह उत्तपम करीब 15 मिनट में तैयार हो जाता है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

सुबह के नाश्ते में अगर कुछ स्वादिष्ट और हल्का खाने का मन हो, तो उत्तपम एक अच्छा विकल्प है. आमतौर पर उत्तपम बनाने के लिए चावल और उड़द दाल को भिगोकर बैटर तैयार किया जाता है, लेकिन अगर आपके पास इतना समय नहीं है तो दही और सूजी से भी स्वादिष्ट उत्तपम बनाया जा सकता है. इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बैटर को घंटों भिगोने या फर्मेंट करने की जरूरत नहीं होती. सही तरीके से सेंकने पर उत्तपम बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट बनता है.

इसके लिए आपको 1 कप सूजी, आधा कप दही, जरूरत के अनुसार पानी, आधा चम्मच नमक और थोड़ी सी लाल मिर्च की जरूरत होगी. टॉपिंग के लिए 1 छोटा प्याज, 1 टमाटर, 1 शिमला मिर्च और थोड़ा सा हरा धनिया बारीक काट लें. चाहें तो इसमें हरी मिर्च भी डाल सकते हैं.

ऐसे तैयार करें बैटर

सबसे पहले एक बड़े बाउल में सूजी और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा लेकिन आसानी से फैलने वाला बैटर तैयार करें. बैटर को करीब 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे सूजी अच्छी तरह फूल जाएगी. इसके बाद बैटर को चेक करें. अगर यह ज्यादा गाढ़ा हो गया है तो थोड़ा पानी मिलाकर कंसिस्टेंसी ठीक कर लें.

अब इसमें नमक और लाल मिर्च डालें. अगर चाहें तो स्वाद के लिए थोड़ा सा अदरक भी डाल सकते हैं. आखिर में बारीक कटा प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च और हरा धनिया डालकर मिला लें. ध्यान रखें कि सब्जियों को बहुत ज्यादा मात्रा में न डालें, वरना उत्तपम आसानी से फैलने में परेशानी हो सकती है.

क्रिस्पी उत्तपम बनाने का तरीका

तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा सा तेल डालकर फैला दें. अब बैटर की एक करछी तवे पर डालें और इसे बहुत पतला न फैलाएं. उत्तपम को थोड़ा मोटा ही रखें. ऊपर से थोड़ी सी सब्जियों की टॉपिंग डालें और हल्के हाथ से दबा दें. किनारों पर थोड़ा तेल डालें और मध्यम आंच पर उत्तपम को पकने दें. नीचे की तरफ सुनहरा और क्रिस्पी होने लगे तो इसे सावधानी से पलट दें. दूसरी तरफ भी कुछ मिनट पकाएं. ज्यादा क्रिस्पी उत्तपम चाहिए तो दोनों तरफ थोड़ा तेल लगाकर मध्यम आंच पर कुछ देर और सेंक सकते हैं.

About the Author

Vividha SinghSub Editor

विविधा सिंह हिंदी डिजिटल पत्रकारिता का उभरता हुआ नाम हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में साढ़े चार साल का अनुभव है. वर्तमान में वह News18 हिंदी में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह लाइफस्टाइल वर्टि…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment