Last Updated:
How To Make Thick Curd: घर पर गाढ़ा दही जमाने के लिए फुल क्रीम दूध सबसे अच्छा रहता है. दूध का सही तापमान दही की क्वालिटी तय करता है. मिट्टी का बर्तन दही को ज्यादा गाढ़ा बनाने में मदद करता है. मिल्क पाउडर पतले दूध को बेहतर बनाने का आसान तरीका है. फ्रिज में रखने से दही और मजबूत व मलाईदार बनता है.
घर पर दही जमाने का तरीका
How To Make Thick Curd: घर पर दही जमाना लगभग हर घर की रोजमर्रा की बात है, लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि घर का दही बाजार जैसा गाढ़ा, मलाईदार और चक्का जैसा सेट नहीं बनता. कभी दही पानी छोड़ देता है, कभी बहुत खट्टा हो जाता है और कभी सही से जमता ही नहीं. कई लोग सोचते हैं कि इसके लिए कोई बहुत मुश्किल तरीका अपनाना पड़ता होगा, लेकिन सच यह है कि कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप घर पर ही शानदार दही जमा सकते हैं. सबसे जरूरी बात है सही दूध का चुनाव, सही तापमान और जमाने का तरीका.
अगर ये तीन चीजें ठीक हो जाएं तो आपका दही इतना बढ़िया बन सकता है कि बर्तन पलटने पर भी अपनी जगह से न हिले. अगर आप भी हर बार पतले दही से परेशान हो जाते हैं और चाहते हैं कि घर का दही हलवाई की दुकान जैसा दिखे, तो यह आसान तरीका आपके बहुत काम आने वाला है.
गाढ़ा दही जमाने के लिए कौन सा दूध सबसे सही
दही की क्वालिटी काफी हद तक दूध पर निर्भर करती है. अगर आप टोंड या लो फैट दूध लेते हैं, तो दही पतला बनने की संभावना ज्यादा रहती है. गाढ़ा और मलाईदार दही के लिए फुल क्रीम दूध सबसे अच्छा माना जाता है. ज्यादा फैट वाला दूध दही को बेहतर बॉडी देता है और उसका टेक्सचर मजबूत बनाता है. अगर आपको हाई फैट दूध मिल जाए तो और भी अच्छा है. यही वजह है कि बाजार का दही अक्सर ज्यादा गाढ़ा लगता है क्योंकि उसमें दूध के ठोस तत्व ज्यादा होते हैं.
दूध को उबालने और ठंडा करने का सही तरीका
सिर्फ अच्छा दूध लेना ही काफी नहीं है, उसे सही तरीके से तैयार करना भी जरूरी है. दूध को पहले अच्छी तरह उबाल लें ताकि उसकी बनावट बेहतर हो जाए. उबालने के बाद उसे सीधे दही जमाने के लिए इस्तेमाल न करें. दूध को थोड़ा ठंडा होने दें. सही तापमान वही है जब उंगली डालने पर दूध गर्म लगे लेकिन जले नहीं. अगर दूध बहुत गर्म होगा तो दही ज्यादा खट्टा बन सकता है और पानी छोड़ सकता है. अगर दूध ज्यादा ठंडा हो गया तो दही ठीक से नहीं जमेगा.
मिट्टी का बर्तन क्यों करता है कमाल
अगर आप सच में गाढ़ा दही चाहते हैं तो मिट्टी का बर्तन बहुत अच्छा विकल्प है. मिट्टी की खासियत यह है कि वह अतिरिक्त नमी को सोख लेती है. इससे दही ज्यादा पानी वाला नहीं बनता और उसका टेक्सचर काफी मजबूत रहता है. साथ ही मिट्टी के बर्तन में जमा दही का स्वाद भी अलग और ज्यादा देसी लगता है. अगर मिट्टी का बर्तन नहीं है तो स्टील या कांच का बर्तन भी इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन मिट्टी वाला विकल्प बेहतर माना जाता है.
मिल्क पाउडर वाला आसान देसी हैक
हर किसी के पास हमेशा फुल क्रीम दूध उपलब्ध नहीं होता. ऐसे में एक आसान उपाय है मिल्क पाउडर. अगर आपका दूध थोड़ा पतला है तो गर्म दूध में थोड़ा सा मिल्क पाउडर मिलाया जा सकता है. इससे दूध में ठोस तत्व बढ़ जाते हैं और दही ज्यादा गाढ़ा जमता है. यह एक आसान घरेलू हैक है जिसे कई लोग अपनाते हैं.
दही जमाने का सही तरीका
दूध सही तापमान पर आ जाए तो उसमें एक चम्मच ताजा दही डालें. ध्यान रखें कि पुराना या बहुत खट्टा दही स्टार्टर के तौर पर इस्तेमाल न करें क्योंकि इससे स्वाद खराब हो सकता है. दही को दूध में अच्छे से मिला दें ताकि कल्चर पूरे दूध में फैल जाए. इसके बाद बर्तन को ढक्कन से ढक दें.
टॉवल से ढकने की ट्रिक क्यों काम करती है
दही जमाने के बाद बर्तन को किसी मोटे कपड़े या टॉवल से लपेट देना अच्छा तरीका है. इससे अंदर की गर्माहट बनी रहती है और दही जल्दी व अच्छे से जमता है. खासकर ठंडे मौसम या एसी वाले कमरे में यह ट्रिक बहुत काम आती है. लगातार स्थिर तापमान दही के सही सेट होने में मदद करता है.
View this post on Instagram