Poha Suji Breakfast Recipe: सुबह का समय हर घर में सबसे ज्यादा बिजी होता है. कोई ऑफिस के लिए लेट हो रहा होता है, तो कोई बच्चों के टिफिन और स्कूल की तैयारी में लगा होता है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि नाश्ते में क्या बनाया जाए जो जल्दी भी बने और हेल्दी भी हो. अक्सर लोग टाइम की कमी के चलते या तो ब्रेड-बटर खा लेते हैं या फिर बाहर का कुछ ऑर्डर कर देते हैं, जो धीरे-धीरे हेल्थ पर असर डालता है, अगर आप भी हर सुबह इसी उलझन में रहते हैं, तो अब आपको टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. आज हम आपके लिए एक ऐसा ब्रेकफास्ट आइडिया लेकर आए हैं जो बिल्कुल आसान है, कम समय में तैयार हो जाता है और सबसे खास बात इसमें तेल की एक बूंद भी नहीं लगती.
यह रेसिपी पोहा, सूजी और दही से बनती है, जो न सिर्फ स्वाद में शानदार है बल्कि पेट के लिए भी हल्की रहती है. यह डिश खासकर उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना चाहते हैं, लेकिन स्वाद से समझौता नहीं करना चाहते. एक बार इसे घर पर बना लिया, तो यकीन मानिए ये आपकी डेली रूटीन का हिस्सा बन जाएगा.
क्या खास है इस जीरो-ऑयल ब्रेकफास्ट में?
यह रेसिपी तीन ऐसी चीजों से बनती है जो हर घर में आसानी से मिल जाती हैं. पोहा पेट के लिए हल्का होता है, दही इसे सॉफ्ट और टेस्टी बनाता है, जबकि सूजी आपको दिनभर के लिए एनर्जी देती है. इसमें आप अपनी पसंद की सब्जियां डालकर इसे और भी न्यूट्रिशियस बना सकते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और ना ही किसी खास कुकिंग स्किल की जरूरत होती है.
सामग्री
1 कप पोहा
1 कप सूजी
1 कप ताजा दही
बारीक कटी सब्जियां (गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, टमाटर)
1-2 हरी मिर्च
हरा धनिया
नमक स्वाद के अनुसार
1 छोटा चम्मच फ्रूट साल्ट या बेकिंग सोडा
बनाने का आसान तरीका
1. सबसे पहले पोहे को पानी से धोकर उसका पानी निकाल दें और 2 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि वह नरम हो जाए.
2. अब एक बड़े बर्तन में पोहा, सूजी और दही डालकर अच्छे से मिक्स करें, अगर मिश्रण ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी मिला सकते हैं. इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी फूल जाए.
3. अब इसमें कटी हुई सब्जियां, हरी मिर्च, हरा धनिया और नमक डालकर अच्छे से मिला लें.
4. जब आपको इसे पकाना हो, तब इसमें फ्रूट साल्ट डालें और हल्के हाथ से मिक्स करें.
5. अब इडली सांचे में हल्का सा तेल लगाकर बैटर डालें और 10-12 मिनट तक स्टीम करें.
6. चाकू या टूथपिक डालकर चेक करें, अगर साफ निकल आए तो समझ लें आपका ब्रेकफास्ट तैयार है.
कैसे करें सर्व
इसे गर्मागर्म प्लेट में निकालें और पुदीना चटनी या टोमेटो केचप के साथ सर्व करें. यह स्वाद में इतना अच्छा होता है कि बच्चे भी इसे खुशी-खुशी खा लेते हैं.
क्यों है यह परफेक्ट मॉर्निंग ऑप्शन?
बिना तेल के बना, इसलिए हल्का और हेल्दी, जल्दी तैयार होने वाला, पेट भरने वाला और एनर्जी देने वाला, बच्चों और बड़ों दोनों के लिए बढ़िया.