Moong Dal Pizza Recipe: पिज्जा का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है, लेकिन जैसे ही बात सेहत की आती है, सबसे पहले मैदा से बने पिज्जा को लेकर चिंता शुरू हो जाती है. ज़्यादा मैदा खाने से वजन बढ़ने, पाचन से जुड़ी दिक्कतें होने और ब्लड शुगर पर असर पड़ने का खतरा बढ़ जाता है. यही वजह है कि कई लोग मन होने के बाद भी पिज्जा खाने से बचते हैं, अगर आप भी उन लोगों में शामिल हैं जो स्वाद और सेहत के बीच समझौता नहीं करना चाहते, तो यह रेसिपी आपके लिए है.
आज हम आपको एक ऐसा पिज्जा बनाना बता रहे हैं, जिसमें मैदा या आटे की जगह मूंग दाल का इस्तेमाल किया जाता है. प्रोटीन और फाइबर से भरपूर यह पिज्जा न सिर्फ स्वादिष्ट है, बल्कि फिटनेस पसंद करने वालों, वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों और बच्चों के लिए भी अच्छा ऑप्शन बन सकता है. सबसे खास बात यह है कि इसे घर पर बेहद आसान तरीके से तैयार किया जा सकता है.
क्यों खास है मूंग दाल वाला पिज्जा?
पारंपरिक पिज्जा का बेस मैदा से तैयार किया जाता है, जिसमें फाइबर कम और कैलोरी ज़्यादा होती है. वहीं मूंग दाल में प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. मूंग दाल से बना पिज्जा पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करता है. इससे बार-बार भूख नहीं लगती और अनहेल्दी स्नैक्स खाने की आदत भी कम हो सकती है. जिन लोगों को ब्लड शुगर कंट्रोल में रखना होता है, उनके लिए भी यह एक बेहतर विकल्प माना जाता है.
हेल्दी पिज्जा बनाने के लिए सामग्री
1. 3 से 4 कप मूंग दाल
2. 1 हरी मिर्च
3. अदरक का एक छोटा टुकड़ा
4. स्वादानुसार नमक
5. एक चुटकी हल्दी
6. आधा चम्मच ईनो
7. 2 चम्मच दही
8. 1 प्याज, बारीक कटा हुआ
9. 1 शिमला मिर्च, बारीक कटी हुई
10. 4 से 5 मशरूम, कटे हुए
11. 1 टमाटर, बारीक कटा हुआ
12. 50 ग्राम पनीर
13. 1 से 2 चम्मच पिज्जा सॉस
14. थोड़ा सा ऑयल
ऐसे बनाएं मूंग दाल पिज्जा
सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह धो लें और करीब 3 से 4 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. जब दाल अच्छी तरह फूल जाए, तो इसका पानी निकालकर मिक्सर में डालें. अब इसमें हरी मिर्च, अदरक, नमक और हल्दी डालकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें. इस बैटर को एक बाउल में निकालें और आखिर में ईनो मिलाकर हल्के हाथों से मिक्स करें. एक नॉन-स्टिक पैन को गर्म करें और उस पर थोड़ा सा ऑयल लगाएं. अब तैयार बैटर को पैन पर फैलाकर मोटा बेस तैयार करें. इसे धीमी आंच पर पकाएं. जब एक तरफ से सुनहरा हो जाए, तो दूसरी तरफ पलटकर भी सेक लें. अब तैयार बेस पर पिज्जा सॉस लगाएं. इसके ऊपर प्याज, शिमला मिर्च, मशरूम, टमाटर और पनीर फैलाएं. चाहें तो अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां भी जोड़ सकते हैं.
इसके बाद ऊपर से थोड़ा दही डालें. दही पिज्जा को क्रीमी स्वाद देता है, अगर आप चाहें तो थोड़ा चीज भी इस्तेमाल कर सकते हैं. पैन को ढक दें और करीब 8 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. जब सब्जियां हल्की पक जाएं और पनीर नरम हो जाए, तब गैस बंद कर दें. अब पिज्जा को स्लाइस में काटें और गर्मागर्म परोसें.
1. पिज्जा में रंग-बिरंगी सब्जियां ज़्यादा डालें.
2. चीज का इस्तेमाल कम करें या लो-फैट चीज चुनें.
3. ऑयल की मात्रा सीमित रखें.
4. स्वाद बढ़ाने के लिए ओरेगानो और चिली फ्लेक्स डाल सकते हैं.
5. बच्चों के लिए कॉर्न और स्वीट पेपर भी मिलाए जा सकते हैं.