Bihar Makuti Recipe: आपको मीठा खाना पसंद है और हर बार खीर, हलवा या सेवई बनाकर थोड़ा बोर हो चुके हैं, तो इस बार बिहार की पारंपरिक मिठाई मकुटी जरूर ट्राई करें. यह ऐसी मिठाई है, जो स्वाद, खुशबू और मलाईदार टेक्सचर की वजह से हर किसी का दिल जीत लेती है. दूध, मूंग दाल, चावल, मावा और सूखे मेवों से बनने वाली यह डिश देखने में जितनी शानदार लगती है, खाने में उससे भी ज्यादा लाजवाब होती है. मकुटी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती.
घर में मौजूद सामान्य चीजों से ही इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है, अगर आपके घर मेहमान आने वाले हैं या आप परिवार के लिए कुछ अलग मीठा बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी बेहतरीन रहेगी. इसका स्वाद पारंपरिक खीर से अलग होता है और हर चम्मच में दूध, दाल और सूखे मेवों का बेहतरीन मेल महसूस होता है, अगर आपने अब तक बिहार की इस खास मिठाई का स्वाद नहीं चखा है, तो आज ही इसे अपने किचन में बनाकर देखें.
मकुटी बनाने के लिए सामग्री
1. 1 लीटर दूध
2. 3 बड़े चम्मच धुली मूंग दाल
3. 1½ बड़ा चम्मच चावल
4. 100 ग्राम चीनी
5. 100 ग्राम मावा
6. 8-10 बादाम (कटे हुए)
7. 8-10 काजू (कटे हुए)
8. 8-10 पिस्ता (कटे हुए)
9. 4-5 इलायची (पीसी हुई)
10. 20-25 केसर के धागे
इमेज AI
मकुटी बनाने की आसान विधि
सबसे पहले मूंग दाल और चावल को अच्छी तरह धो लें और करीब एक घंटे के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद दोनों को कुकर में डालकर एक सीटी आने तक पकाएं. फिर गैस धीमी कर दें और करीब पांच मिनट तक पकने दें. गैस बंद करके कुकर का प्रेशर निकलने का इंतजार करें. अब पकी हुई दाल और चावल को अच्छी तरह मैश कर लें ताकि मिश्रण एकदम मुलायम हो जाए. दूसरी तरफ एक बड़े पैन में दूध उबलने के लिए रख दें. इसी बीच एक छोटे बर्तन में थोड़ा सा गर्म दूध लेकर उसमें केसर के धागे भिगो दें. जब दूध थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तब उसमें मैश किया हुआ दाल और चावल का मिश्रण डालें. इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं ताकि मिश्रण नीचे न लगे.
अब मावा को हाथ से मैश करके दूध में मिला दें. साथ ही केसर वाला दूध भी डाल दें, अगर आपके पास मावा नहीं है, तो इसे छोड़ सकते हैं. ऐसे में दूध थोड़ा ज्यादा रखें ताकि मिठाई का स्वाद और गाढ़ापन बना रहे. करीब 15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाने के बाद इसमें चीनी और पिसी हुई इलायची डालें. दो से तीन मिनट तक और पकाएं. आखिर में गैस बंद कर दें और तैयार मकुटी को सर्विंग बाउल में निकाल लें. ऊपर से कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता डालकर सजाएं. इसे आप गर्म भी खा सकते हैं और फ्रिज में ठंडा करके भी परोस सकते हैं.
इमेज AI
मकुटी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
1. दूध को हमेशा धीमी आंच पर पकाएं, इससे स्वाद बेहतर आता है.
2. दाल और चावल को अच्छी तरह मैश करें ताकि टेक्सचर मुलायम रहे.
3. चीनी हमेशा आखिर में डालें, इससे दूध जल्दी नहीं फटता.
4. सूखे मेवों को हल्का भूनकर डालेंगे तो स्वाद और बढ़ जाएगा.
5. अगर केसर उपलब्ध न हो तो केवल इलायची से भी शानदार स्वाद मिल जाएगा.
क्यों खास है बिहार की मकुटी?
मकुटी सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि बिहार की पारंपरिक रेसिपी का खास हिस्सा है. इसमें दूध, दाल और चावल का अनोखा मेल इसे दूसरी मिठाइयों से अलग बनाता है. इसका मलाईदार स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है, अगर आप घर पर नई और स्वादिष्ट मिठाई बनाना चाहते हैं, तो मकुटी एक शानदार विकल्प साबित हो सकती है.