‘विंक गर्ल’ के नाम से मशहूर प्रिया प्रकाश वॉरियर एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने एक इवेंट में शिरकत की, जहां वह खूबसूरत सी नारंगी रंग की ड्रेस पहनकर पहंची थीं। यूं तो ये एक आम इवेंट था, लेकिन इवेंट के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि देखते ही देखते सुर्खियों में आ गया। ये सब हुआ एक्ट्रेस की नारंगी ड्रेस को लेकर। दरअसल, इवेंट के दौरान किसी ने प्रिया प्रकाश वॉरियर से उनकी ड्रेस के रंग को लेकर सवाल पूछ लिया, जिस पर एक्ट्रेस ने जो जवाब दिया, उसकी भी जमकर चर्चा हो रही है। जल्दी ही प्रिया प्रकाश वॉरियर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जहां वह उस सवाल का जवाब देती दिखीं कि आखिर उन्होंने भगवा रंग की ड्रेस इस इवेंट में क्यों पहनी।
प्रिया प्रकाश वॉरियर ने समझदारी के साथ दिया जवाब
प्रिया प्रकाश वॉरियर से एक शख्स ने पूछा कि – ‘आपने भगवा क्यों पहना है? यहां तो 100% लिटरेसी है।’ इस पर एक्ट्रेस ने बहुत ही शांति से जवाब दिया और कहा- ‘क्यों, इस ड्रेस में क्या दिक्कत है?’ तो शख्स आगे पूछता है, क्या ‘ऑरेंज अलर्ट’ का असर उनकी ड्रेस चुनने की वह है? लेकिन, एक्ट्रेस ने इस सवाल को अनसुना कर दिया और साफ किया कि उन्होंने ये कलर सिर्फ इसलिए चुना, क्योंकि ये उस ब्रांड से मेल खाता है, जिसे वो प्रमोट कर रही हैं। एक्ट्रेस ने बातचीत के दौरान ये बात भी साफ कर दी कि ये ड्रेस पहनने की वजह कोई राजनीतिक या धार्मिक संदेश देना नहीं है।
सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस के जवाब की हुई तारीफ
प्रिया प्रकाश वॉरियर का ये वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, इस पर तरह-तरह के रिएक्शन आने भी शुरू हो गए। कई यूजर्स ने जहां एक्ट्रेस के धैर्य की तारीफ की तो वहीं कई का कहना था कि उन्होंने बिलकुल सही अंदाज में जवाब दिया। वहीं कई ने शख्स के सवाल को अनुचित बताया और कई ने तर्क दिया कि किसी व्यक्ति के कपड़ों के रंग को राजनैतिक विचार से जोड़ना बिलकुल गलत है।
वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स के रिएक्शन
एक ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- ‘सवाल कपड़ों पर नहीं, सोच पर होना चाहिए। प्रिया प्रकाश वॉरियर से केरल में एक फंक्शन के दौरान पूछा गया कि उन्होंने भगवा क्यों पहना है? आखिर किसी व्यक्ति के कपड़ों के रंग को विवाद का मुद्दा क्यों बनाया जाए? लोकतंत्र में हर नागरिक को अपने पसंद के कपड़े पहनने की आजादी है। सवाल किसी के काम, बयान या विचार पर किए जाने चाहिए, न कि कपड़े आ उसके रंग पर।’ एक ने लिखा- ‘किसी के कपड़े के रंग पर आखिर इतनी आपत्ति क्यों है?’ एक अन्य ने लिखा- ‘अब भगवा पहनने पर भी बवाल हो रहा है।’ एक यूजर ने लिखा- ‘आज के समय में सब स्वतंत्र हैं, पर कुछ की सोच आज भी नहीं बदल रही है।’
विंक गर्ल के नाम से मशहूर हैं प्रिया प्रकाश वॉरियर
बता दें, प्रिया प्रकाश वॉरियर फैंस के बीच विंक गर्ल के नाम से मशहूर हैं। एक्ट्रेस का 2018 में उनकी पहली फिल्म ‘ओरु अदार लव’ के गाने ‘माणिक्य’ से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह आंख मारती नजर आई थीं और देखते ही देखते एक्ट्रेस हर तरफ चर्चा में छा गईं। पिछले दिनों प्रिया अपने खूबसूरत लुक को लेकर भी चर्चा में रहीं। उन्होंने लाल साड़ी, लाल बिंदी लगाए एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उनकी सादगी देखने लायक थी। एक्ट्रेस का ये लुक काफी सुर्खियों में रहा और फैंस ने उनके इस लुक की खूब तारीफ की थी।
ये भी पढ़ेंः कभी आंख मारकर लोगों को दीवाना बनाने वाली नेशनल क्रश का हुआ ये हाल, जाह्नवी कपूर की फिल्म से वायरल हुई झलक