Last Updated:
Lotus Stem Curry Recipe: आंच धीमी करके हल्दी, धनिया, कश्मीरी लाल मिर्च और गरम मसाला डालकर हल्का सा भून लें. इसके फौरन बाद पिसे टमाटर और स्वादानुसार नमक डालकर तब तक पकाएं, जब तक मसाला तेल न छोड़ दे. फिर तैयार मसाले में उबले हुए भसीड़ डालें. अगर आपको सूखी सब्जी पसंद है, तो इसे धीमी आंच पर पांच मिनट ढककर भूनें.
सतना. अगर आप भी वही रोज-रोज की सब्जियां खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, देसी और सेहतमंद ट्राई करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी खास आपके लिए है. बघेलखंड के गांवों और कस्बों में बेहद चाव से खाई जाने वाली भसीड़ यानी कमल ककड़ी केवल स्वाद का धमाका ही नहीं बल्कि सेहत का भी पावरहाउस है. तालाब के कीचड़ से निकलकर हमारी थाली तक पहुंचने वाली यह अनोखी सब्जी जब देसी मसालों के साथ कड़ाही में छनती है, तो इसकी खुशबू से ही भूख दोगुनी हो जाती है. आइए जानते हैं कि कैसे आप बेहद आसान तरीके से और झटपट अपने घर पर इस बघेलखंडी जायके को तैयार कर सकते हैं.
लोकल 18 को जानकारी देते हुए सतना निवासी मीना द्विवेदी ने बताया कि भसीड़ की सब्जी बनाने में सबसे पहला और जरूरी काम होता है इसकी सही तरीके से सफाई करना. चूंकि यह तालाब की मिट्टी में उगती है, इसलिए इसके छिद्रों में काफी गंदगी छिपी होती है. सबसे पहले इसे चाकू से छीलकर गोल या थोड़े तिरछे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद इन टुकड़ों को एक बड़े बर्तन में पानी डालकर कम से कम तीन-चार बार हाथों से मल-मलकर अच्छे से धोएं. जब सारी मिट्टी निकल जाए, तो उबलने के लिए कुकर में डालें. कुकर में पर्याप्त पानी, थोड़ी सी हल्दी और आधा चम्मच नमक डालकर मध्यम आंच पर 2 से 3 सीटी लगा लें. फिर सीटी आने के बाद जब भसीड़ एकदम नरम हो जाएं, तो पानी छानकर टुकड़ों को अलग सुखा लें.
मसालेदार ग्रेवी और पकाने का देसी अंदाज
अब बारी आती है असली बघेलखंडी तड़का लगाने की. इसके लिए कड़ाही में सरसों का तेल तेज गर्म करें और उसमें जीरा, हींग और तेजपत्ता डालकर अच्छे से चटकाएं. फिर बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें. आंच धीमी करके हल्दी, धनिया, कश्मीरी लाल मिर्च और गरम मसाला डालकर हल्का सा सेकें. इसके तुरंत बाद पिसे टमाटर और स्वादानुसार नमक डालकर तब तक पकाएं, जब तक मसाला तेल न छोड़ दे. फिर तैयार मसाले में उबले हुए भसीड़ डालें. अगर आपको सूखी सब्जी पसंद है, तो इसे धीमी आंच पर 5 मिनट ढककर भूनें लेकिन अगर रसेदार सब्जी चाहिए, तो एक-डेढ़ कप गुनगुना पानी डालकर 7-8 मिनट पकने दें ताकि भसीड़ के अंदर तक मसाले की रंगत रच-बस जाए.
स्वाद के साथ सेहत का भी तड़का
अंत में गैस बंद करें और ऊपर से ढेर सारा बारीक कटा हरा धनिया डालकर गरमागरम परोसें. इसे आप रोटी, पराठे या फिर उबले हुए चावलों के साथ खाएंगे, तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे. स्वाद के साथ-साथ यह सब्जी आपकी सेहत के लिए भी एक सुपरफूड है. इसमें भरपूर मात्रा में डाइटरी फाइबर होता है, जो पेट और पाचन को एकदम दुरुस्त रखता है. साथ ही वजन घटाने के लिए भी यह एकदम सही विकल्प है. इसमें मौजूद विटामिन सी और आयरन शरीर को मजबूती देते हैं और बीमारियों से लड़ने की ताकत बढ़ाते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.