Last Updated:
Set Curd In Earthen Pot: घर पर दही तो हर कोई जमाता है पर इसे मिट्टी के बर्तन में जमाया जाए तो स्वाद और बनावट दोनों ऐसे होते हैं कि बार-बार खाने का जी करता है. मिट्टी के बर्तन में परफेक्ट दही जमाने के लिए आपको कुछ टिप्स और ट्रिक्स का ध्यान रखना चाहिए.
जमशेदपुर. गर्मियों के मौसम में दही खाना लगभग हर किसी को पसंद होता है. दही न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि इससे रायता, लस्सी, कढ़ी और कई तरह के व्यंजन भी बनाए जा सकते हैं. बाजार में मिलने वाले दही के बजाय अगर आप घर पर मिट्टी के बर्तन में दही जमाते हैं, तो इसका स्वाद और खुशबू दोनों ही अलग महसूस होते हैं. मिट्टी के बर्तन में दही जमाने की प्रक्रिया भी बेहद आसान है और इसके लिए आपको कुछ सामान्य चीजों की ही जरूरत पड़ेगी.
ठंडा होने दें दूध
सबसे पहले दही जमाने के लिए अच्छी गुणवत्ता वाला दूध लें. आप चाहें तो फुल क्रीम या टोंड दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन गाढ़े दही के लिए फुल क्रीम दूध बेहतर माना जाता है. एक लीटर दूध को अच्छी तरह उबाल लें. दूध में एक-दो उबाल आने के बाद इसे कुछ मिनट धीमी आंच पर पकाएं. इससे दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाता है और दही भी अच्छा तरह जमता है. इसके बाद दूध को गैस से उतारकर सामान्य तापमान पर ठंडा होने दें.
तापमान बेहद जरूरी
अब सबसे जरूरी बात है दूध का सही तापमान. दूध न तो बहुत गर्म होना चाहिए और न ही पूरी तरह ठंडा. उंगली से छूने पर दूध हल्का गुनगुना महसूस हो, तो यह दही जमाने के लिए सही तापमान है. अब इसमें करीब एक से दो चम्मच पहले से जमा हुआ ताजा दही डालें. दही को दूध में अच्छी तरह मिला दें, ताकि खमीर पूरे दूध में समान रूप से फैल जाए.
गर्मी में कम समय में जमता है
इसके बाद मिट्टी के साफ और सूखे बर्तन में इस दूध को डाल दें. मिट्टी का बर्तन दही जमाने के लिए काफी अच्छा माना जाता है, क्योंकि यह अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करता है और दही को गाढ़ा बनाने में मदद करता है. बर्तन को ढककर ऐसी जगह रखें जहां ज्यादा हिलना-डुलना न हो. गर्म मौसम में दही करीब 5 से 7 घंटे में जम सकता है, जबकि ठंड के मौसम में थोड़ा अधिक समय लग सकता है.
कुछ देर फ्रिज में रखें
जब दही अच्छी तरह जम जाए तो उसे तुरंत हिलाने के बजाय कुछ समय के लिए फ्रिज में रख दें. इससे दही और सेट हो जाएगा. मिट्टी के बर्तन में जमी दही का स्वाद हल्की मिट्टी की खुशबू के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है और इसकी बनावट भी बाजार की दही की तुलना में ज्यादा प्राकृतिक महसूस होती है.
जमावन बहुत न डालें
दही जमाते समय बर्तन की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें. हर बार ताजा और अच्छा दही को जमावन के तौर पर इस्तेमाल करें. अगर दही बहुत ज्यादा खट्टा हो रहा है, तो अगली बार जमाने के लिए कम मात्रा में जमावन डालें और दही को ज्यादा देर तक बाहर न रखें. इस आसान तरीके से आप घर पर ही मिट्टी के बर्तन में गाढ़ा, मुलायम और स्वादिष्ट दही जमा सकते हैं.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें