Ragi Sheera Recipe: अगर आपको मीठा पसंद है, लेकिन आप हमेशा मैदे और ज़्यादा चीनी से बनी मिठाइयां नहीं खाना चाहते, तो रागी चॉकलेट शीरा एक बढ़िया विकल्प हो सकता है. रागी (जिसे नाचनी या फिंगर मिलेट भी कहते हैं) से बना यह शीरा चॉकलेट फ़्लेवर में तैयार किया जाता है. रागी में कुदरती तौर पर कई पोषक तत्व होते हैं और इसे संतुलित मात्रा में अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इस रेसिपी को घर पर बहुत कम समय में आसानी से बनाया जा सकता है…
बनाने के लिए सामग्री
रागी का आटा – 1 कप, दूध – 2 कप, घी – 2 से 3 बड़े चम्मच, कोको पाउडर – 1 से 2 बड़े चम्मच, गुड़ का पाउडर या चीनी – स्वादानुसार, कटे हुए बादाम और काजू – 2 बड़े चम्मच, साबुत नट्स – 1 बड़ा चम्मच, इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच.
स्टेप 1: रागी चॉकलेट शीरा बनाने के लिए सबसे पहले, मोटे तले वाले पैन को गर्म करें और उसमें घी डालें. रागी का आटा डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. आटे को तब तक भूनें जब तक कि उसका कच्चापन खत्म न हो जाए और अच्छी खुशबू न आने लगे. ध्यान रखें कि आंच बहुत तेज़ न हो, वरना आटा जल सकता है.
स्टेप 2: मिश्रण को लगातार चलाते हुए धीरे-धीरे दूध डालें ताकि गांठें न बनें. जरूरत पड़ने पर आप थोड़ा पानी भी डाल सकते हैं. धीमी आंच पर कुछ मिनट तक पकाएं.
स्टेप 3: जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तो कोको पाउडर डालें. अच्छी तरह मिलाएं ताकि चॉकलेट का स्वाद पूरे शीरे में अच्छी तरह घुल-मिल जाए.
स्टेप 4: अपनी पसंद के अनुसार गुड़ का पाउडर या चीनी डालें. अगर गुड़ का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आंच धीमी रखें और मिश्रण को लगातार चलाते रहें.
स्टेप 5: आखिर में कटे हुए बादाम, काजू, किशमिश और इलायची पाउडर डालें और अच्छी तरह मिलाएं. जब शीरा गाढ़ा हो जाए और पैन के किनारों को छोड़ने लगे, तो आंच बंद कर दें.
परोसने का तरीका
गरमा-गरम रागी चॉकलेट शीरे को एक कटोरे में निकालें और परोसने से पहले कटे हुए ड्राई फ्रूट्स से सजाएं. आप इसे थोड़ा ठंडा होने के बाद भी खा सकते हैं.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp. आपका नाम गोपनीय रखकर हम देंगे जानकारी.
( Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है. ये सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए न्यूज-18 जिम्मेदार नहीं रहेगा.