Chana Roll Barfi Recipe: कई बार अचानक घर में मेहमान आ जाते हैं या फिर शाम की चाय के साथ कुछ मीठा खाने का मन करता है. ऐसे समय में सबसे बड़ी परेशानी यही होती है कि झटपट क्या बनाया जाए. ज्यादातर मिठाइयों में घी, मावा, चाशनी और लंबी तैयारी की जरूरत पड़ती है, इसलिए लोग अक्सर बाजार से मिठाई खरीदना ही बेहतर समझते हैं, लेकिन अगर आपको ऐसी रेसिपी मिल जाए जो सिर्फ 10 मिनट में तैयार हो जाए, गैस जलाने की जरूरत न पड़े और स्वाद भी किसी शाही मिठाई से कम न लगे, तो बात ही अलग है. इन दिनों फूड क्रिएटर रेखा बिश्नोई की ‘चना रोल बर्फी’ रेसिपी सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है.

यह मिठाई भुने चने, नारियल और चीनी जैसी आसान चीजों से बनती है. खास बात यह है कि इसमें न घी लगता है, न मावा और न ही चाशनी बनानी पड़ती है. कम मेहनत में बनने वाली यह रेसिपी स्वाद के साथ-साथ प्रोटीन का भी अच्छा स्रोत मानी जाती है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.

भुने चने से तैयार होगी स्वादिष्ट मिठाई
इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत इसका मुख्य इंग्रीडिएंट है. इसमें बिना छिलके वाले भुने चने का इस्तेमाल किया जाता है. करीब दो कटोरी भुने चनों को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. इसके बाद इस पाउडर को छलनी से छान लें ताकि मोटे दाने अलग हो जाएं. इससे बर्फी का टेक्सचर एकदम मुलायम और बढ़िया बनता है.

नारियल और इलायची बढ़ाएंगे स्वाद
अब एक मिक्सर जार में एक कटोरी नारियल का बुरादा, एक कटोरी चीनी और चार इलायची के दाने डालें. इन तीनों चीजों को अच्छी तरह पीस लें. इस मिश्रण से मिठाई में प्राकृतिक मिठास, खुशबू और हल्की रिचनेस आती है. नारियल का बुरादा बाइंडिंग में भी मदद करता है, जिससे अलग से घी या मावा डालने की जरूरत नहीं पड़ती.

दोनों मिश्रण को अच्छी तरह मिलाएं
एक बड़े बाउल में छाना हुआ चने का पाउडर डालें. अब इसमें चीनी, नारियल और इलायची वाला तैयार मिश्रण मिला दें. चम्मच या हाथों की मदद से दोनों सूखे मिश्रण को अच्छी तरह मिक्स करें ताकि हर हिस्से में स्वाद बराबर रहे.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

दूध से तैयार करें सॉफ्ट डो
अब आधा कटोरी उबला हुआ और कमरे के तापमान पर ठंडा किया गया दूध लें. दूध को थोड़ा-थोड़ा करके मिश्रण में डालते जाएं और हाथों से गूंथकर मुलायम डो तैयार करें. ध्यान रखें कि दूध न ज्यादा गर्म हो और न ही फ्रिज से निकला हुआ बहुत ठंडा. कच्चे दूध का इस्तेमाल भी नहीं करना चाहिए.

रोल बनाकर दें खूबसूरत आकार
जब डो अच्छी तरह तैयार हो जाए तो इसे बराबर हिस्सों में बांट लें. अब हाथों की मदद से इसे बेलनाकार रोल का आकार दें. एक फॉयल पेपर या बटर पेपर पर थोड़ा नारियल का बुरादा फैला दें और तैयार रोल को उस पर हल्के हाथों से घुमाएं. इससे रोल के ऊपर नारियल की सुंदर कोटिंग चढ़ जाएगी और देखने में भी यह आकर्षक लगेगा. इसके बाद रोल को फॉयल पेपर में अच्छी तरह लपेटकर दोनों किनारों को बंद कर दें और करीब 20 से 30 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए.

सेट होने के बाद करें शानदार सर्विंग
फ्रिज से निकालने के बाद फॉयल पेपर हटाएं और तेज धार वाले चाकू से रोल को गोल-गोल टुकड़ों में काट लें. तैयार चना रोल बर्फी देखने में बिल्कुल बाजार की मिठाई जैसी लगती है. इसका दानेदार और मुलायम टेक्सचर हर किसी को पसंद आता है.

मेहमानों के लिए बेहतरीन विकल्प
अगर घर में अचानक मेहमान आ जाएं या बच्चों को कुछ अलग मीठा खिलाना हो तो यह रेसिपी बेहतरीन विकल्प बन सकती है. इसमें इस्तेमाल होने वाले सभी सामान आमतौर पर हर घर में आसानी से मिल जाते हैं. यही वजह है कि यह रेसिपी कम समय में स्वादिष्ट मिठाई बनाने का आसान तरीका बन गई है.

कम मेहनत में मिलेगा शाही स्वाद
जो लोग घंटों किचन में समय नहीं बिताना चाहते, उनके लिए यह मिठाई काफी उपयोगी है. बिना गैस जलाए, बिना घी और मावा के तैयार होने वाली यह चना रोल बर्फी स्वाद, टेक्सचर और प्रेजेंटेशन तीनों मामलों में शानदार साबित होती है. त्योहारों, छोटी पारिवारिक पार्टियों या रोजमर्रा की मीठी इच्छा पूरी करने के लिए भी यह आसान रेसिपी एक बेहतरीन विकल्प है.



Source link

Write A Comment