Last Updated:
Make Street Style Papdi Chaat at Home: मानसून के सुहावने मौसम में अगर आपका मन भी कुछ तीखा और चटपटा खाने का कर रहा है, तो बाहर की अनहाइजीनिक चाट खाने के बजाय घर पर ही हलवाई जैसी क्रिस्पी ‘पापड़ी चाट’ ट्राई करें. रसोई में मिलने वाली बेसिक चीजों से तैयार होने वाला यह स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक सबका फेवरेट है. इस रेसिपी में कड़े आटे की कुरकुरी पापड़ी और अनारदाना व नींबू के रस से तैयार मसालेदार आलू की स्टफिंग इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. आइए जानते हैं घर पर ही बाजार जैसी चटपटी पापड़ी चाट बनाने की सबसे आसान और क्विक रेसिपी.
बारिश का मौसम आते ही कुछ चटपटा और मजेदार खाने का मन करने लगता है. मॉनसून के दौरान अक्सर लोग गोलगप्पे, चाट और पकौड़े खाना पसंद करते हैं, लेकिन लगातार बारिश की वजह से हर बार बाहर जाना मुमकिन नहीं होता. ऐसे में आप घर पर ही स्वादिष्ट और हेल्दी ‘पापड़ी चाट’ बनाकर अपने स्वाद का आनंद दोगुना कर सकते हैं.
खास बात यह है कि इसे तैयार करना बेहद आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर सामग्री हमारी रसोई में ही आसानी से मिल जाती है. पापड़ी चाट एक ऐसा सदाबहार स्नैक है, जिसे बच्चे से लेकर बड़े तक सभी खूब पसंद करते हैं. इसकी कुरकुरी पापड़ी, मसालेदार आलू और ऊपर से डाली गई सेव इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देती है.
अगर आप भी इस मॉनसून में कुछ मजेदार ट्राई करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन या परात में मैदा लें. अब इसमें स्वादानुसार नमक, थोड़ी सी अजवाइन और मोयन के लिए थोड़ा सा तेल डालकर हाथों से अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटा गूंथ लें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ध्यान रखें कि पापड़ी का आटा थोड़ा सख्त गूंथा जाए, ताकि पापड़ियां एकदम खस्ता और कुरकुरी बनें. आटा तैयार होने के बाद इसे किसी गीले कपड़े से ढककर लगभग 15 से 20 मिनट के लिए सेट होने रख दें. इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें पतली पूरियों के आकार में बेल लें. अब इन पूरियों में कांटे की मदद से छोटे-छोटे छेद कर दें, ताकि तलते समय ये फूलें नहीं.
इसके बाद एक कड़ाही में तेल गर्म करें. जब तेल मीडियम गर्म हो जाए, तो उसमें बेली हुई पूरियां डालें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक अच्छी तरह तल लें. तैयार पापड़ियों को निकालकर एक सूखी प्लेट में रख दें, ताकि उनका अतिरिक्त तेल निकल जाए और वे लंबे समय तक क्रिस्पी बनी रहें.
अब चाट के लिए मजेदार स्टफिंग तैयार करने की बारी है. इसके लिए एक बर्तन में उबले और मैश किए हुए आलू लें. अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, हरी धनिया की चटनी, लाल मिर्च पाउडर, अनारदाना पाउडर, काला नमक और थोड़ा सा नींबू का रस डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. यह मसालेदार मिश्रण ही चाट का स्वाद बढ़ाता है.
आखिर में एक प्लेट में तैयार पापड़ियों को सजाएं, फिर हर पापड़ी के ऊपर चम्मच से आलू का यह मसालेदार मिश्रण रखें. अब ऊपर से बारीक वाली बेसन की सेव (भुजिया) डालकर गार्निश करें. आप अपनी पसंद के अनुसार इसके ऊपर थोड़ी और हरी चटनी या मीठी सौंठ की चटनी भी डाल सकते हैं.
इस मॉनसून में बाहर की चाट खाने के बजाय घर पर बनी यह पापड़ी चाट न केवल आपको स्वाद का भरपूर आनंद देगी, बल्कि स्वच्छता और सेहत का भी पूरा ध्यान रखेगी. घर के साफ-सुथरे माहौल में बनी इस लाजवाब चाट को एक बार खाने के बाद आपका मन इसे बार-बार बनाने का जरूर करेगा.